Bareilly News: उर्स के बीच आज निकलेगी 96वीं श्रीगंगा महारानी शोभायात्रा, सुरक्षा चाक चौबंद
बरेली में आज 96वीं श्रीगंगा महारानी शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। शहर में उर्स भी चल रहा है। दोनों धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां की हैं।
विस्तार
बरेली में श्रीगंगा महारानी की 96वीं शोभायात्रा मंगलवार को निकाली जाएगी। सोमवार को मलूकपुर स्थित गंगा मंदिर में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। श्री गंगा महारानी पुष्पधा कमेटी के अध्यक्ष सुमित सैनी ने बताया कि इस बार भी भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में एक दर्जन झांकियां, बैंडबाजा, डीजे शामिल रहेगा।
शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर सिटी सब्जी मंडी, विनायक हॉस्पिटल, कुंवरपुर, जसोली, किला, बड़ा बाजार, कुतुबखाना, मठ की चौकी, श्यामगंज, कालीबाड़ी, रोडवेज, मोती पार्क, बिहारीपुर ढाल होते हुए मलूकपुर पर संपन्न होगी। प्रेसवार्ता के दौरान अतुल सैनी, वीरु, सचिन सैनी, सुबोध अग्रवाल, अंकित सैनी आदि मौजूद रहे।
चारों ओर सीओ, हर झांकी के संग रहेंगे दो सिपाही
गंगा महारानी शोभायात्रा का रूट आला हजरत दरगाह के आसपास ही है। उर्स और शोभायात्रा के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। इसके लिए पुलिस ने जमीन से आसमान तक सुरक्षा अभेद बनाने के लिए काफी तैयारी की है।
31 स्थानों पर लगाई गई पिकेट
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शोभायात्रा के आगे-पीछे और दाएं-बाएं चारों तरफ सीओ स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे। यात्रा के रास्ते पर 31 संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के लिहाज से पिकेट लगाई है। हर झांकी के साथ दो सिपाही या दीवान की ड्यूटी रहेगी। शोभायात्रा का रूट थाना किला के इलाके से शुरू होकर कोतवाली होते हुए बारादरी थाना क्षेत्र तक है।
इस पूरे मार्ग पर एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ वन और टू पहले ही गश्त कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर चुके हैं। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव पहले सीओ प्रथम रह चुके हैं तो उन्हें भी यहां संवेदनशील बिंदुओं पर लगाया गया है। करीब दो हजार पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी को भी लगाया गया है।