पीलीभीत टाइगर रिजर्व: प्रतिबंधित क्षेत्र में राज्यमंत्री का काफिला, जंगल में दौड़ीं गाड़ियां; देखें वीडियो
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघ समेत अन्य वन्यजीवों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही इस समय पीटीआर का पर्यटन सत्र भी चल रहा है, ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से जंगल में निजी वाहनों के प्रवेश पर पांबदी है।
विस्तार
प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार शनिवार को पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के प्रतिबंधित क्षेत्र में पांच गाड़ियों का काफिला लेकर घूमे। वन क्षेत्र में उनके काफिले के घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लाल-नीली बत्ती लगी गाड़ियां नजर आ रही हैं। हूटर भी बज रहा है। राज्यमंत्री ने वन विभाग के ही एक कार्यक्रम में चूका बीच जाने और हूटर या सायरन न बजाने की बात कही है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में इस समय पर्यटन सत्र चल रहा है। ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से जंगल में निजी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी है। हालांकि रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पीटीआर प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। शनिवार के 25 सेकेंड के इस वीडियो में जंगल के प्रतिबंधित क्षेत्र में गाड़ियों का काफिला दिख रहा है। राज्यमंत्री के इस काफिले में पुलिस की गाड़ियां मिलाकर पांच वाहन हैं। पहले तो अधिकारी कुछ भी कहने से बचते रहे। एफडी विजय कुमार ने नजीबाबाद में होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
व्यवस्था नहीं थी तो अपनी गाड़ी से गया
वन विभाग ने चूका में कार्यक्रम रखा था। इसी में शामिल होने जाना था। विभाग ने कोई इंतजाम नहीं किया, न ही किसी रेंजर की ड्यूटी लगाई। ऐसे में अपनी ही गाड़ी से जाना पड़ा। साथ में सिर्फ स्कॉट की गाड़ियां थीं। कोई सायरन और हूटर नहीं बजा। - संजय गंगवार, राज्यमंत्रीप्राइवेट गाड़ियों को अनुमति नहीं
शाम 4:45 बजे का वीडियो है, जब सफारी का समय खत्म होता है। मंत्री जी से बात नहीं हो सकी है। हम पीटीआर में नहीं थे। बतौर मंत्री वह अकेले तो गाड़ी से जा सकते हैं, लेकिन साथ में चल रहीं प्राइवेट गाड़ियों को अनुमति नहीं है। चूका आने की मंत्री ने हमें जानकारी नहीं दी थी। - मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर