'10 लाख दो, नहीं तो एनकाउंटर': पूर्व सैनिक ने थाना प्रभारी पर लगाया आरोप, दहशत में छोड़ा गांव; SSP से शिकायत
पूर्व सैनिक ने अलीगंज थाना प्रभारी पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और एनकांउटर करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले की शिकायत की। उधर, थाना प्रभारी ने आरोप निराधार बताए।
विस्तार
बरेली के अलीगंज में पूर्व सैनिक को एनकाउंटर की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पूर्व सैनिक ने अलीगंज थाना प्रभारी पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और न देने पर एनकांउटर करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि डर की वजह से उसने गांव छोड़ दिया है।
गैनी गांव के रहने वाले विजयवीर सेना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि मां महादेवी ने गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर जब निर्माण कार्य शुरू किया तो गांव के ही कुछ लोगों ने थाने में झूठी तहरीर देकर काम बंद करवा दिया।
ये भी पढ़ें- Scrub Typhus: बरेली में मिला स्क्रब टाइफस का मरीज, स्वास्थ्य महकमे में मची खलबली; जानलेवा है ये रोग
आरोप है कि शनिवार को थानाध्यक्ष ने सिपाहियों को घर भेजकर उसे थाने बुलाया। तीन से चार घंटे तक थाने में उसे बैठाए रखा। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति के जरिये 10 लाख रुपये देने की मांग की। रुपये न देने पर एनकाउंटर करने की धमकी दी गई।
विजयवीर ने बताया कि धमकी से उसका परिवार डरा हुआ है। पीड़ित ने एसएसपी से सुरक्षा दिलवाने की मांग की। मामले में थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह का कहना है कि रंगदारी मांगने का आरोप निराधार है। जमीन बंटवारे का विवाद है। लेखपाल से पैमाइश करने को कहा गया है।