Railway News: बरेली से जयपुर और साबरमती का सफर होगा आसान, चलेगी विशेष साप्ताहिक ट्रेन; समय सारिणी जारी
बरेली होकर लालकुआं-साबरमती के बीच विशेष साप्ताहिक ट्रेन का संचालन शुरू होने जा रहा है। ये ट्रेन बदायूं, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, किशनगढ़ होते हुए चलेगी। रेलवे ने इस ट्रेन की समय सारिणी जारी कर दी है।
विस्तार
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल बरेली होकर 05344-43 लालकुआं-साबरमती-लालकुआं विशेष साप्ताहिक ट्रेन का संचालन करेगा। सोमवार को विशेष गाड़ी की समय सारिणी जारी कर दी गई। इस गाड़ी का संचालन मथुरा, भरतपुर, जयपुर, किशनगढ़ होते हुए किया जाएगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 05344 लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक विशेष गाड़ी दो सितंबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को लालकुआं से दोपहर 1:35 बजे चलने के बाद 2:40 बजे भोजीपुरा, 2:57 बजे इज्जतनगर, 3:15 बजे बरेली जंक्शन आएगी।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: पीलीभीत बाइपास की आठ लेन परियोजना का टेंडर निरस्त, दोबारा हो रहा सर्वे, फिर बनेगी डीपीआर
इन स्टेशनों पर ठहराव
यहां से चलने के बाद अपराह्न 4:02 बजे बदायूं पहुंचेगी और कासगंज, हाथरस, मथुरा, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, गांधी नगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, फालना, जवाई बांध, आबू रोड, पालनपुर, महेसाणा होते हुए अगले दिन सुबह 11:05 बजे साबरमती पहुंचेगी।
05343 साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष गाड़ी तीन सितंबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को साबरमती से अपराह्न चार बजे चलने के बाद दूसरे दिन सुबह 10:52 बजे बदायूं, 11:45 बजे बरेली जंक्शन, दोपहर 12 बजे बरेली सिटी, 12:17 बजे इज्जतनगर, 12:34 बजे भोजीपुरा आएगी। दोपहर 2:40 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
लालकुआं-राजकोट विशेष ट्रेन की समय सारिणी में बदलाव
रेलवे ने 05045-46 लालकुआं-राजकोट-लालकुआं विशेष साप्ताहिक ट्रेन की समय सारिणी में बदलाव किया है। अब 05045 लालकुआं-राजकोट विशेष ट्रेन 27 सितंबर से प्रत्येक रविवार को लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे चलने के बाद 2:15 बजे इज्जतनगर, 2:35 बजे बरेली सिटी, 2:50 बजे बरेली जंक्शन आएगी। अपराह्न 3:35 बजे बदायूं और दूसरे दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी। 05046 राजकोट-लालकुआं विशेष ट्रेन 31 अगस्त से प्रत्येक सोमवार को राजकोट से रात 10:30 बजे चलने के बाद तड़के 4:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।