UP: इस सीट पर सपा प्रत्याशी के साथ हो गया 'खेल', परचा खारिज; अब ज्योत्सना हो सकती हैं उम्मीदवार
Shahjahanpur News: शाहजहांपुर सीट से सपा प्रत्याशी राजेश कश्यप का आरोप है कि राजपाल कश्यप ने उनके साथ खेल कर अपनी भांजी ज्योत्सना गौड़ को सपा से प्रथम प्रत्याशी करा दिया। उनका परचा खारिज कर दिया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश की शाहजहांपुर लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी राजेश कश्यप का नामांकन पत्र खारिज हो गया है। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कलक्ट्रेट पहुंचे सपा प्रत्याशी ने खुद इसकी पुष्टि की है। उन्होंने सपा के एमएलसी राजपाल कश्यप पर खेल करने का आरोप लगाया। अब ज्योत्सना गौड़ सपा प्रत्याशी हो सकती हैं। इन्होंने भी सपा से नामांकन कराया था। ज्योत्सना राजपाल कश्यप की भांजी हैं।
शाहजहांपुर लोकसभा चुनाव के लिए 21 प्रत्याशियों ने परचा दाखिल किया था। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच हो रही है। इस बीच सपा प्रत्याशी राजेश कश्यप कलक्ट्रेट पहुंचे। कलक्ट्रेट से बाहर निकलने पर सपा प्रत्याशी ने बताया कि राजपाल कश्यप ने उनके साथ खेल करके अपनी भांजी ज्योत्सना गौड़ को सपा से प्रथम प्रत्याशी करा दिया। जबकि उनका परचा खारिज कर दिया गया है।
हरदोई की रहने वाली हैं ज्योत्सना
सपा के एमएलसी राजपाल कश्यप समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनकी भांजी ज्योत्सना गौड़ हरदोई के मझरेता की रहने वाली हैं। उन्होंने सपा से अपना नामांकन कराया था। फिलहाल अभी नामांकन पत्रों की जांच चल रही है। बता दें कि शाहजहांपुर लोकसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। अगर ज्योत्सना गौड़ का परचा वैध पाया जाता है तो वह सपा की प्रत्याशी हो सकती हैं।
21 उम्मीदवारों ने कराया है नामांकन
शाहजहांपुर में नामांकन के अंतिम दिन तक लोकसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने कुल 21 नामांकन कराए। इसमें भाजपा से एक, समाजवादी पार्टी से दो, बसपा से एक, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी से एक, सीपीआई से एक, राष्ट्रीय सनातन पार्टी से एक, संयुक्त विकास पार्टी एक, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी से एक, भारतीय भाईचारा पार्टी से एक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस राष्ट्रीय आजाद पार्टी से एक, मानव क्रांति पार्टी से एक, भारतीय मजदूर जनता पार्टी से एक, आजाद अधिकार पार्टी से एक और सात निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन कराए थे। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच हो रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.