Railway News: देहरादून स्टेशन पर ब्लॉक, वंदे भारत एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें होंगी प्रभावित
देहरादून स्टेशन पर विभिन्न कार्य होने हैं। इसके चलते छह से 11 दिसंबर तक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान बरेली होकर गुजरने वाली देहरादून-लखनऊ वंदे भारत समेत छह ट्रेनें छह दिन तक प्रभावित रहेंगी।
विस्तार
देहरादून स्टेशन पर छह से 11 दिसंबर तक लोको पिट साइडिंग, नॉन इंटरलॉकिंग कार्य और पांच अलग-अलग ब्रिजों पर सुधारात्मक कार्यों के कारण ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान बरेली होते हुए गुजरने वाली देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें प्रभावित होंगी।
सीनियर डीसीएम मुरादाबाद आदित्य गुप्ता ने बताया कि ब्लॉक के दौरान सात दिसंबर को 14229 योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस प्रयागराज संगम स्टेशन से 180 मिनट और आठ दिसंबर को 14230 प्रयागराज संगम एक्सप्रेस को योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन से 180 मिनट देरी से चलाया जाएगा।
नौ व 10 दिसंबर को 22545-46 देहरादून-लखनऊ एक्सप्रेस देहरादून के स्थान पर हरिद्वार से चलाई जाएगी और यह गाड़ी हरिद्वार स्टेशन पर ही यात्रा खत्म करेगी। दो दिन हरिद्वार-देहरादून के बीच निरस्त रहेगी। इसी तरह 12369-70 कुंभ एक्सप्रेस सात से नौ दिसंबर तक देहरादून-हरिद्वार स्टेशनों के बीच निरस्त रहेगी।
12 दिसंबर से नियमित हो जाएगी छपरा-अमृतसर विशेष ट्रेन
डेढ़ साल पहले विशेष गाड़ी के रूप में चलाई गई 05049-50 छपरा-अमृतसर-छपरा एक्सप्रेस 12 दिसंबर से नियमित ट्रेन के रूप में नए नंबर 15135-36 से संचालित की जाएगी। दो माह पहले रेलवे ने इस गाड़ी को नियमित का दर्जा दे दिया था।
रेलवे ने डेढ़ साल पहले छपरा-अमृतसर विशेष गाड़ी का संचालन शुरू किया था। किराया ज्यादा होने के बावजूद गाड़ी पर लगातार यात्रियों का दबाव बना रहने के कारण इसका संचालन बंद नहीं किया गया। बाद में इस ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया गया।
अब यह गाड़ी नियमित ट्रेन के रूप में नए नंबर के साथ 12 दिसंबर से प्रत्येक शुक्रवार को छपरा से और 13 दिसंबर से प्रत्येक शनिवार को अमृतसर से चलेगी। किराया भी घट जाएगा। विशेष गाड़ी में बरेली-छपरा के बीच स्लीपर श्रेणी में किराया 505 रुपये और एसी तृतीय इकॉनमी में 1255 रुपये है। नियमित में यह किराया 395 और 975 रुपये हो जाएगा।