बरेली में कांवड़ियों पर लाठीचार्ज: जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा को लेकर फिर तनाव, आरएएफ और पुलिस फोर्स तैनात
Bareilly News : बरेली के जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा को लेकर फिर माहौल गर्मा गया। रविवार को चक महमूद के कांवड़िया इसी इलाके से होकर कांवड़ निकालने पर अड़े थे, जबकि दूसरे समुदाय के लोग इसे नई परंपरा बताकर विरोध कर रहे थे।
विस्तार
बरेली के जोगी नवादा में कावड़ यात्रा गुजरने को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। रविवार को कांवड़िया इसी इलाके से कांवड़ निकालने पर अड़े थे, जबकि दूसरे समुदाय के लोग नई परंपरा बताकर जत्था और उसके साथ डीजे ले जाने का विरोध कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए मौके पर आरएएफ और पुलिस तैनात कर दी गई। डीएम और एसएसपी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों से वार्ता की गई।
इसके बाद कावड़ियों से डीजे बंद करके जत्था निकालने को कहा गया तो कांवड़ियों के साथ भीड़ में शामिल हुए अराजकतत्वों ने पहले पीलीभीत बाईपास पर जाम लगाया। उसके बाद जत्था निकालने के दौरान तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। बवाल की संभावना टालने के लिए मौके पर मौजूद डीएम और एसएसपी ने फोर्स को लाठीचार्ज करने का निर्देश दे दिया।
ये भी पढ़ें- Bareilly Clash: बरेली में गुलाल से भड़की थी बवाल की चिंगारी, देखते ही देखते चलने लगे पत्थर, 250 पर रिपोर्ट
पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। लाठीचार्ज में कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कुछ अराजकतत्वों को भी गिरफ्तार भी किया है। जोगी नवादा क्षेत्र को छावनी बना दिया गया है। मौके पर पुलिस और पीएसी के साथ पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। अराजकतत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- 35 दिन... तीन हत्याएं: सीरियल किलर या है एक ही गैंग, इस आशंका से शाही में खौफ; महिलाओं ने खेत जाना छोड़ा
दोनों पक्षों ने ये कहा था
कांवड़ के जत्थेदार राकेश कुमार का कहना था कि वर्ष 2008 से वे लोग जत्था ले जा रहे हैं। इबादत स्थल के पास डीजे बंद कर लेते हैं, वो अब भी कर लेंगे। वहीं विरोध करने वाले लोगों में शामिल शराफत अल्वी का कहना था कि इस तरह का जत्था कभी सार्वजनिक रूप से नहीं निकाला गया। एसपी सिटी राहुल भाटी, सीओ थर्ड आशीष प्रताप सिंह, बारादरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह दोनों पक्ष को समझाने में जुटे रहे। डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंच थे।