जन्मे कन्हाई... घर-घर बजी बधाई: बरेली में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, देखिए तस्वीरें
बरेली में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। आधी रात को रोहिणी नक्षत्र में जैसे ही नंदलाल का जन्म हुआ, वातावरण में आनंद घुल गया। नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की... जयकारे से बरेली शहर गुंजायमान हुआ।
विस्तार
भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी की आधी रात को रोहिणी नक्षत्र में जैसे ही नंदलाल का जन्म हुआ, वातावरण में आनंद घुल गया। नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की... जयकारे से बरेली शहर गुंजायमान हुआ। मंदिरों से लेकर लोगों के घरों तक उल्लास छा गया।
आतिशबाजी के बीच प्रसाद व मिष्ठान्न वितरित कर लोगों ने खुशी जाहिर की। महिलाओं ने सोहर गाकर नेग न्योछावर किया। बांके बिहारी मंदिर, हरि मंदिर, रामायण मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, रोहली टोला स्थित नवदुर्गा मंदिर समेत शहर के सभी देवालयों में कान्हा का जन्मोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने घरों में भी नंदलाल के जन्म का आनंद लिया।
ठाकुर जी के जन्म के बाद उनको पंचामृत स्नान कराकर शृंगार किया गया। चितचोर को पालने में झुलाने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ मची रही। छप्पन भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। इससे पहले मंदिरों में शाम से ही भजन-कीर्तन का क्रम चल रहा था जो कान्हा के जन्म के साथ पूर्ण हुआ। एक-दूसरे को बधाई देने का क्रम देर रात तक चलता रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर रंगीन लाइटों व फूलों से मंदिरों की सजावट व राधा-कृष्ण के वेश में सजे छोटे बच्चे सभी को आकर्षित करते रहे।
मॉडल टाउन स्थित श्रीहरि मंदिर में श्रीहरि संकीर्तन मंडल की ओर से हरि नाम संकीर्तन की रसधारा का आनंद भक्तों ने लिया। बच्चों के नृत्य, नाटक और गीत प्रस्तुत किए गए। इस दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सतीश खट्टर, सचिव रवि छाबड़ा, सुशील हरमिलापी, संजय आनंद, अश्वना ओबराय मौजूद रहे।
राजेंद्र नगर के श्री बांके बिहारी मंदिर में महिला मंडल की ओर से संकीर्तन व बाल गोपाल नृत्य के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर कमेटी के विनोद ग्रोवर, दिनेश तनेजा आदि मौजूद रहे।
इफको में धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी
आंवला में इफको टाउनशिप स्थित सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक राकेश पुरी और सीमा पुरी ने पूजा-अर्चना की।
जन्माष्टमी पर सिद्धेश्वर नाथ मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पालने में विराजमान कृष्ण के दर्शन के लिए उपासना ट्रस्ट की ओर से विशेष प्रबंध किया गया।