किंग: कैसे हुई शाहरुख से एड शीरन की दोस्ती? गायक ने बताई ‘तू मिल जाए’ गाने की कहानी; अरिजीत को लेकर कही यह बात
- फिल्म 'किंग' का पहला गाना 'तू मिल जाए' 2 नवंबर की आधी रात को रिलीज किया गया था।
- बॉलीवुड के 'किंग' शाहरुख खान के बर्थडे के मौके पर इस गाने को रिलीज किया गया था।
- गाने को ग्लोबल पॉप स्टार एड शीरन और अरिजीत सिंह ने गाया है।
विस्तार
यह कोलैबोरेशन कैसे मुमकिन हुआ?
इंटरनेशनल सिंगर-सॉन्ग राइटर एड शीरन ने अपने फैंस को इंस्टाग्राम के जरिए शाहरुख खान स्टारर सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्म किंग के जरिए अपने गाए गए सबसे पहले हिंदी गाने 'तू मिल जाए' के रिकॉर्डिंग की झलक यानी बिहाइंड-द-सीन्स को शेयर किया है।
मंगलवार शाम को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'जब मैं पहली बार शाहरुख खान से मिला था, तब उन्होंने मुझसे कहा था कि मुझे उनकी अगली फिल्म के लिए एक गाना बनाना चाहिए। साथ ही, यह मेरा पहला बॉलीवुड गाना भी होना चाहिए। पिछले कुछ वर्षों में हमारी अच्छी दोस्ती हो गई है और मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं।
पिछली बार जब मैं भारत आया था, तब मैं उनके घर गया था। वहां मैंने उनसे मेरे और अरिजीत सिंह के गाने 'सैफायर' के म्यूजिक वीडियो में एक छोटा सा कैमियो करने के लिए कहा था। उसी दिन उन्होंने मेरी मुलाकात सचिन-जिगर से कराई थी। इसके बाद उसी रात मैंने फिल्म 'किंग' के गाने 'तू मिल जाए' के लिए अपना हिस्सा लिखा और रिकॉर्ड भी किया।
मुझे बहुत खुशी है कि इस गाने में अरिजीत सिंह भी मेरे साथ गा रहे हैं। मेरे सभी पसंदीदा लोग एक ही प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।'
गाने को सचिन-जिगर ने कंपोज किया है। अरिजीत सिंह, एड शीरन और फीमेल सिंगर मधुबंती की आवाज से सजा फिल्म ‘किंग’ का गाना ‘तू मिल जाए’ एक खास ग्लोबल म्यूजिकल मोमेंट बन गया है। अब फैंस शाहरुख खान के जादू को पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
एड शीरन ने शेयर किया ये वीडियो-
- फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं।
- दिलचस्प बात यह है कि इस प्रोजेक्ट में शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ काम कर रहे हैं।
- यह सुहाना खान की बड़े पर्दे पर पहली फिल्म होगी।
- फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अभय वर्मा, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और रानी मुखर्जी जैसे सितारे भी नजर आएंगे।
- फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ये भी पढ़ें- किंग: रिलीज से पहले ही फिल्म ने की करोड़ों की कमाई, जानें बजट, डायरेक्टर की फीस और OTT रिलीज से जुड़ी जानकारी