बरेली में दुकानदार की हत्या: घर के बाहर चारपाई पर मिली लहूलुहान लाश, परिवार में मची चीख-पुकार; लोग स्तब्ध
Bareilly News: बिथरी थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में 60 वर्षीय जहूर अहमद की सिर पर धारदार हथियार मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी परचून की दुकान के बाहर सो रहे थे। सुबह घटना की जानकारी हुई तो गांव में सनसनी फैल गई।
विस्तार
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में धर्मपुर गांव निवासी बुजुर्ग दुकानदार की हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उनका लहूलुहान शव घर के बाहर चारपाई पर मिला। इससे गांव में सनसनी फैल गई। सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर दुकानदार की हत्या की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक धर्मपुर गांव निवासी 60 वर्षीय जहूर अहमद परचून की दुकान चलाते थे। बुधवार रात वह दुकान के बाहर चबूतरे पर चारपाई डालकर सो रहे थे। परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। रात में किसी समय सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी गई। सुबह उनका बेटा अमजद नमाज के लिए उन्हें जगाने आया।
ये भी पढ़ें- बच्ची ड्रेसिंग टेबल में बंद: ढूंढते-ढूंढते घरवाले हो गए परेशान, पहुंचे पुलिस के पास; फिर इस हाल में मिली
परिवार ने किसी रंजिश से किया इनकार
चारपाई पर जहूर का लहूलुहान शव देखकर बेटा सन्न रह गया। जानकारी होने पर घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी और सीओ तृतीय भी पहुंचे। मृतक के परिजनों से जानकारी की। मृतक के बेटे ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, पता नहीं किसने हत्या की है।
पुलिस ने घटनास्थल पर बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहूर अहमद की हत्या से गांव के लोग स्तब्ध हैं। वहीं, उनके घरवालों को रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मन में यही सवाल था कि आखिर किसने जहूर की हत्या की है और क्यों ? हैरत की बात यह है कि रात में किसी को वारदात की भनक तक नहीं लगी।