Bareilly News: राष्ट्रीय निशानेबाज नेहा ने खत्म किया धरना, अधिकारियों के आश्वासन पर मानीं
बरेली में राष्ट्रीय निशानेबाज नेहा को राइफल क्लब में अभ्यास करने से रोका गया था। इससे आहत नेहा 14 नवंबर से चार सूत्री मांगों को लेकर धरना दे रही थीं। रविवार को अधिकारी उनसे मिलने पहुंचे और उन्हें आश्वासन दिया।
विस्तार
बरेली में एडीएम और एसडीएम के आश्वासन पर राष्ट्रीय निशानेबाज नेहा ने रविवार को धरना खत्म कर दिया। वह 14 नवंबर से चार सूत्री मांगों को लेकर राइफल क्लब में धरना दे रही थीं। नेहा स्मार्ट सिटी की ओर से राइफल क्लब में बनाई गई 25 मीटर शूटिंग रेंज में अभ्यास की अनुमति मांग रही थीं। नेहा का आरोप था कि विभाग का बाबू उन्हें रेंज में अभ्यास नहीं करने दे रहा है, जबकि दूसरे खिलाड़ी वहां प्रशिक्षण ले रहे हैं।
रविवार को एडीएम और एसडीएम नेहा से मिलने पहुंचे। उनकी मांगें सुनकर आश्वासन दिया कि शूटिंग रेंज में पहले किसने अभ्यास किया है? सीसीटीवी के जरिये इसकी जांच कराई जाएगी। अवैध रूप से अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों को रोकने के लिए वहां चौकीदार बैठाया जाएगा। खुले में बनी रेंज की घास कटवाकर और मिट्टी डालकर यहां अभ्यास शुरू कराया जाएगा। अभ्यास के दौरान एक सहायक भी दिया जाएगा। इस आश्वासन पर नेहा ने धरना खत्म कर दिया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करना है प्रतिभाग
नेहा के मुताबिक, वह चार बार राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 13 दिसंबर को दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनको प्रतिभाग करना है। इसी सिलसिले में वह राइफल क्लब में प्रशिक्षण के लिए अपना पंजीकरण कराने पहुंची थीं। आरोप है कि अधिकारियों के आदेश के बाद भी बाबू दिलीप कुमार ने उनको परिसर में अभ्यास नहीं करने दिया। उन्होंने बताया कि डीएम रविंद्र कुमार अभ्यास के लिए मौखिक आदेश दे चुके हैं। सिटी मजिस्ट्रेट राजीव कुमार शुक्ल भी बाबू को लिखित आदेश दे चुके हैं। इसके बाद भी बाबू ने उनको अभ्यास करने से रोक दिया था।