Bareilly: चार दिन के प्रवास पर बरेली पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, ब्रज प्रांत के कार्यक्रमों का खीचेंगे खाका
आरएसएस मोहन भागवत आज और कल जीआरएम स्कूल में विभाग, प्रांत और ब्रज क्षेत्र प्रचारकों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में शताब्दी वर्ष से पहले शाखाओं को 100 फीसदी ग्राम पंचायतों तक पहुंचाने पर बात होगी।
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत चार दिन के प्रवास पर बृहस्पतिवार देर रात बरेली पहुंचे। बरेली जंक्शन पर रात 12 बजकर 10 मिनट पर पहुंचने के बाद भागवत यहां से सीधे डोहरा रोड स्थित जीआरएम स्कूल के लिए निकल गए। प्रवास के दौरान वह यहीं ठहरेंगे।17 व 18 फरवरी को जीआरएम स्कूल में वह विभाग, प्रांत और ब्रज क्षेत्र प्रचारकों के साथ बैठक करेंगे। संघ के एक पदाधिकारी के मुताबिक शताब्दी वर्ष से पहले शाखाओं को 100 फीसदी ग्राम पंचायतों तक पहुंचाने पर बात होगी।
इस दौरान परिवार प्रबंधन, ग्राम विकास, गो सेवा, सामाजिक समरसता और पर्यावरण जैसे सामाजिक परिवर्तन की गतिविधियों पर भी चर्चा होगी। बृहस्पतिवार की रात उनके स्वागत में डीएम शिवाकांत द्विवेदी, आईजी डॉ. राकेश सिंह व एसएसपी अखिलेश चौरसिया समेत प्रशासन व पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले संघ प्रमुख 19 जनवरी 2020 को एक दिन के प्रवास पर बरेली आए थे।
स्वागत में चमकाईं गलियां, सड़क पर बहती रहीं नालियां
संघ प्रमुख मोहन भागवत के स्वागत जिला प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी। रेलवे स्टेशन से डोहरा रोड स्थित जीआरएम कॉलेज तक जिस रूट से संघ प्रमुख को गुजरना था, उसकी साफ-सफाई का काम चल रहा था। फुटपाथ ठीक किए गए, सड़कों पर पैचवर्क का काम हुआ और डिवाइडर पर पेंटिंग होती रही।
पीलीभीत बाईपास पर डोहरा चौराहे को नगर निगम ने सजा दिया। वहां से जीआरएम स्कूल की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर करीब आधा किलोमीटर तक दीवारों पर पेंटिंग करवाई गई। डोहरा मोड़ की सड़क पर नालियां बहती रहीं। लोगों का कहना था कि इस सड़क पर मोहन भागवत को नहीं आना है तो अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली। जबकि इस सड़क से दस मीटर दूर मुख्य सड़क से मोहन भागवत का काफिला गुजरा।