Bareilly News: गेस्ट हाउस में थार से आया शातिर, युवक को कराया चाय-नाश्ता, फिर आईफोन लेकर भागा
बरेली में थार गाड़ी से आए शातिर ने एक युवक से आईफोन 17 प्रो ठग लिया। युवक ने ओएलएक्स पर फोन बेचने का विज्ञापन डाला था। शातिरों ने फोन खरीदने का झांसा देकर युवक को गेस्ट हाउस में बुलाया और बहाने से फोन लेकर फरार हो गया।
विस्तार
बरेली में ई कॉमर्स वेबसाइट ओएलएक्स पर आईफोन बेचने का विज्ञापन डालना एक युवक को महंगा पड़ गया। ठग ने आईफोन 17 प्रो खरीदने के बहाने एक लाख 17 हजार रुपये कीमत का फोन ही उड़ा दिया। पीड़ित फहीमउद्दीन ने बारादरी थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कैंट क्षेत्र के सैदपुर खजुरिया निवासी फहीमउद्दीन ने पुलिस को बताया कि उन्हें रुपयों की आवश्यकता थी। उन्होंने अपना आईफोन 17 प्रो (सिल्वर कलर, 256 जीबी) ओएलएक्स पर बेचने का विज्ञापन दिया था। इस विज्ञापन के संबंध में देव नाम के एक शख्स ने उनसे संपर्क किया। देव ने मोबाइल फोन खरीदने की बात की। उसने खुद को मेरठ का निवासी बताया। उसने कहा कि उसकी आंटी बरेली में रहती हैं। मोबाइल खरीदने का सौदा एक लाख 17 हजार रुपये में तय हुआ।
26 जुलाई को दोपहर पौने दो बजे देव ने फहीमउद्दीन को आकाशपुर वीर गेस्ट हाउस, पीलीभीत रोड पर बुलाया। फहीमउद्दीन अपने भाई के साथ बताए गए गेस्ट हाउस में पहुंचे। वहां देव अपनी थार कार से आया। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। देव ने फहीमउद्दीन को गेस्ट हाउस के कमरे में बैठाकर चाय-नाश्ता कराया।
होशियारी से उड़ाया फोन, गेस्ट हाउस में दर्ज कराया फर्जी पता
इसके बाद देव ने फहीमउद्दीन से कहा कि उसकी आंटी बगल वाले कमरे में हैं। वह उनसे रुपये लेकर आता है और मोबाइल फोन दिखाने के बहाने वह उनसे फोन लेकर चला गया। फहीमुद्दीन को पता ही नहीं लगा कि कब देव गेस्ट हाउस से बाहर निकल गया और वापस नहीं आया। काफी इंतजार के बाद फहीमउद्दीन ने गेस्ट हाउस के कर्मचारियों से पूछताछ की।
सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि देव ने गेस्ट हाउस में मोहम्मद अली नाम से फर्जी पहचान दर्ज कराई थी। घटना के तुरंत बाद जगतपुर चौकी में शिकायत की गई। चौकी प्रभारी ने आरोपी से संपर्क किया तब उसने अपना नाम दानिश खां बताया। कहा कि वह मेरठ के केमरी सोसाइटी ब्लॉक बी का निवासी है।