Bareilly News: त्योहार पर दिल्ली समेत पांच प्रमुख रूटों पर रोडवेज बसें लगाएंगी अतिरिक्त फेरे
बरेली-दिल्ली रूट पर बसों के 57 फेरे बढ़ाए गए हैं। हालांकि, 32 बसें ही आनंद विहार तक जाएंगी। बरेली-कौशांबी के बीच बसें रोजाना 313 फेरे लेंगी।
विस्तार
दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली सहित पांच प्रमुख रूटों पर शुक्रवार से रोडवेज बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। बरेली-दिल्ली रूट पर बसों के 57 फेरे बढ़ाए गए हैं। हालांकि, 32 बसें ही आनंद विहार तक जाएंगी। बरेली-कौशांबी के बीच बसें रोजाना 313 फेरे लेंगी। आगरा, हल्द्वानी, टनकपुर और कानपुर रूट पर भी बसों के फेरों को बढ़ाया गया है।
बरेली, रुहेलखंड और बदायूं डिपो की सर्वाधिक बसों का संचालन दिल्ली रूट पर होता है। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारण सीएनजी, ई-बस और बीएस-6 मॉडल बसों को ही प्रवेश की अनुमति है। इस वजह से रीजन की 324 बसों का दिल्ली में प्रवेश बंद हो गया है।
रीजन में बीएस-6 मॉडल की सिर्फ 41 बसें ही हैं। इनमें से 32 का संचालन 10 से 20 नवंबर तक आनंद विहार के लिए किया जाएगा। इसके अलावा बीएस-4 मॉडल की 313 बसें कौशांबी, मेरठ, देहरादून, हरिद्वार के लिए चलाई जाएंगी। आगरा रूट पर बसों के 10 फेरे बढ़ाए गए हैं।
ये भी पढ़ें- Dhanteras 2023: धनतेरस पर बन रहा प्रीति योग, राशि के अनुसार करें खरीदारी, चमकेगा भाग्य; जानें शुभ मुहूर्त
टनकपुर-हल्द्वानी और फर्रुखाबाद-कानपुर रूटों पर भी बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इन रूटों पर बीएस-3 और बीएस-4 मॉडल बसों को चलाया जाएगा। लोकल रूटों पर बसों के फेरे नहीं बढ़ाए गए हैं। आमदिनों में इन रूटों पर बसें 110 फेरे लगाती हैं। त्योहार पर भी इतने ही फेरे लगाएंगी। त्योहार के दौरान चालक-परिचालकों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। एक दिन में 600 किमी चलने वाली बस पर दो चालकों की तैनाती की गई है।
झूठा निकला वादा, नहीं मिलीं 60 नई बसें
नोडल अधिकारी/प्रधान प्रबंधक तकनीकी अजीत सिंह ने रविवार को बरेली का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने दिवाली से पहले बरेली रीजन को 60 नई बीएस-6 मॉडल बसें उपलब्ध कराने का वादा किया था। जीएम के आश्वासन के बाद भी अब तक रीजन को नई बसें नहीं मिल सकी हैं, 79 बीएस-6 मॉडल बसों का आवंटन एक माह पहले ही हो चुका है।
कई रूटों पर दौड़ेंगी खटारा बसें
त्योहार के दौरान कई रूटों पर खटारा बसों को भी दौड़ाया जाएगा। इनमें बीएस-2 और बीएस-3 मॉडल की बसें भी शामिल हैं। बीएस-2 मॉडल की बसें कंडम स्थिति में हैं। बरेली डिपो के पास बीएस-2 और बीएस-3 मॉडल की 96, रुहेलखंड के पास 87, बदायूं के पास 85 और पीलीभीत डिपो के पास 56 बसें हैं। इनमें बीएस-2 मॉडल की 13 बसों की स्थिति बेहद खराब है।
डिपो कौशांबी आनंद विहार आगरा टनकपुर/हल्द्वानी/ कानपुर लोकल
बरेली 97 08 25 50 15
रुहेलखंड 100 05 20 30 30
बदायूं 71 9 10 10 50
पीलीभीत 45 10 05 20 15
आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि त्योहार पर सभी प्रमुख रूटों पर बसों के फेरों को बढ़ाया गया है। 10 से 20 नवंबर तक चालक-परिचालकों और वर्कशॉप स्टाफ की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। सभी रूटों पर बसों के पर्याप्त फेरों की व्यवस्था की गई है।