बरेली: गंदगी और जलभराव के बीच जीने को मजबूर चक महमूद के लोग, 'संवाद' में गिनाईं समस्याएं
बरेली में नगर निगम के वार्ड 62 चक महमूद में रविवार को अमर उजाला की ओर से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय लोगों ने बताया कि नालियां साफ न होने से जलभराव होता है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों और नमाजियों को परेशानी होती है। सड़कों पर गंदा पानी बहता रहता है।
विस्तार
बरेली में नगर निगम के वार्ड 62 चक महमूद में लोग गड्ढों से भरी सड़कों पर चलने को मजबूर हैं। महीनों से क्षेत्र की नालियों की सफाई नहीं हुई है। बरसात में मोहल्ले में जलभराव की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ता है। लोग सड़क पर गिरकर घायल होते हैं। ये समस्याएं रविवार को चक महमूद में हुए संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने अमर उजाला के साथ साझा कीं।
चंगेज खान ने बताया कि नालियां साफ न होने से जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चे गंदे पानी में होकर निकलते हैं। कब्रिस्तान जाने वाली सड़क की भी हालत खराब है। कई बार निगम से शिकायत की जा चुकी है लेकिन उसके बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। सरवर उर्फ आफताब मियां ने बताया कि लोग नगर निगम गृह कर, जल कर देते हैं लेकिन सुविधाओं के नाम पर यहां कुछ भी नहीं है। ऐसी स्थिति में निगम को लोगों को कर माफ करना चाहिए जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सके।
साल भर में वार्ड में कोई भी विकास का काम नहीं हुआ है जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहजाद वारसी ने बताया कि नालियों में गंदगी भरी रहती है, निगम की ओर से कोई कर्मचारी सफाई करने नहीं आता है। स्थानीय लोग अपने आप की साफ-सफाई कर लेते हैं। निगम को यहां पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर काम कराना चाहिए।
सड़कों पर बहता है गंदा पानी
इकबाल खान ने बताया कि घर के सामने सीवर की लाइन जा रही है। सीवर लाइन का ढक्कन खुला हुआ है, जिससे वहां पर गंदा पानी व गंदगी रहती है। नमाज पढ़ने जाने वाले लोगों को भी इसी में से होकर जाना पड़ता है। कपड़े पर गंदे पानी के छींटे आते हैं लेकिन कोई इसे देखने वाला नहीं है। कई घरों में शादियां हैं लेकिन वहां भी जलभराव व सड़क न पड़ने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अनवर खान ने बताया कि वार्ड में कोई अफसर देखने नहीं आता। कहा कि जैसे स्मार्ट सिटी के डीडीपुरम, राजेंद्र नगर में रकम खर्च की जा रही है ऐसे ही यहां के वार्ड में भी काम किया जाना चाहिए। सभी लोग निगम को कर देते हैं तो उन्हें भी पूरी सुविधा मिलनी चाहिए। जावेद हुसैन ने बताया कि सकलैन नगर में 11 महीने पहले सीवर की लाइन डाली गई लेकिन उसके बाद सड़क नहीं बनवाई गई। लोग अपने पैसे खर्च कर कई ट्रॉली मिट्टी घरों के आगे पड़वा चुके हैं जिससे लोगों को परेशानी कम हो।
सुजात हुसैन ने कहा कि वार्ड के हर ओर समस्या का अंबार है, कोई इसे देखने वाला नहीं है। आए दिन लोग गड्ढे में गिरकर घायल हो रहे हैं। निजाम खान ने बताया कि वार्ड में विकास के नाम पर कोई काम नहीं हो रहा है। सीवर लाइन खोद कर डाल दी गई है लेकिन सड़क निर्माण नहीं हुआ है। शहजाद वारसी ने बताया कि वार्ड में कूड़ा कलेक्शन के लिए कोई इंतजाम नहीं है। डोर-टू-डोर की गाड़ियां बहुत कम ही आती हैं इसलिए लोग सड़क किनारे कूड़ा फेंक देते हैं। जावेद खान ने बताया कि वार्ड के जो स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं उसे ठीक नहीं कराया गया है।