आंवला। क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन शंकर गुट ने प्रदर्शन के बाद मंत्री को दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार संगठन पदाधिकारी दोपहर बारह बजे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के आवास मोहल्ला नगरिया सतन पर पहुंचे। मंत्री के किसी सरकारी कार्यक्रम में व्यस्त होने की सूचना पर पदाधिकारी आवास के ठीक सामने धरने पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। दोपहर बाद पहुंचे मंत्री को दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया।
ज्ञापन में तहसील मुख्यालय सहित क्षेत्र के कई पशु चिकित्सालयों में डॉक्टर की तैनाती न होना, ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ता बंदरों का आतंक,छुट्टा पशुओं से किसानों को हो रही समस्याओं का मुद्दा उठाया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह, रमाकांत उपाध्याय, सुशील, रामगोपाल शर्मा, अमर सिंह मौर्य, राहुल आदि मौजूद रहे। संवाद