बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को तो समाजसेवा के कार्यक्रम चलाने का फरमान दिया ही गया है, मुख्यमंत्री की ओर से सरकारी कार्यालयों में भी बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसी के चलते आमतौर पर फाइलों में उलझे रहने वाले सरकारी बाबुओं और कर्मचारियों के हाथों में शनिवार को अवकाश के दिन भी झाड़ू दिखाई दी। कार्यालयों में लगे मकड़ी के पुराने जाले हटाए गए और फाइलों पर जमी धूल साफ की गई। संयुक्त शिक्षा निदेशक के स्टाफ ने कार्यालय परिसर में बारिश में बढ़ी घास भी काट डाली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा सप्ताह चलाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की अलख जगाने का निर्देश दिया था। सुबह कार्यालय अवधि में साफसफाई करने के साथ अपने इस काम की फोटो भी ग्रुप पर अपलोड करनी थी ताकि उसका सत्यापन हो सके। संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में देवेंद्र, धीरज, स्टेनो सुनील और अन्य ने संयुक्त रूप से सफाई कार्य किया। इसके बाद सभी ने स्वच्छता का संकल्प लिया। इसी क्रम में डीआईओएस की ओर से स्कूलों में स्वच्छता अभियान का संचालन किया गया। साथ ही, बहेड़ी के केसर इंटर कॉलेज से स्वच्छता रैली निकालकर लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
भाजपाइयों ने कुष्ठ आश्रम में फल बांटकर शुरू किया सेवा सप्ताह
बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ता सप्ताह भर तक समाजसेवा के कार्यक्रम चलाएंगे। शनिवार को कुष्ठ आश्रम में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने फल वितरण कर शुरुआत की।
सेवा सप्ताह के पहले दिन भाजपाइयों ने कुष्ठ आश्रम में फल बांटे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोरा, नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार, गुलशन आनंद आदि मौजूद रहे। अभियान के महानगर संयोजक अधीर सक्सेना ने बताया अगले चरण में जनप्रतिनिधि इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेजों में जल संवर्धन और प्लास्टिक मुक्त भारत के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ शपथ दिलाएंगे। सौ दिव्यांगों को सामाजिक संस्थाओं की मदद से गोद लेकर उपकरण दिए जाएंगे। सभी मंडलों में प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगेगी और 17 सितंबर को पार्टी कार्यालय पर रक्तदान कार्यक्रम होगा। 18 सितंबर को संजयनगर बरातघर में सेवा मेला होगा जिसमें विभिन्न जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ मिलेगा। इसके साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा।