बरेली में मुठभेड़: रिटायर्ड लेखपाल का लापता पुत्र और दोस्त बरामद, पुलिस ने सात बदमाश दबोचे, तीन को लगी गोली
Encounter in UP: बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पैरों में गोली लगी है। चार और बदमाश पकड़े गए हैं। दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।
विस्तार
Police Encounter News : बरेली के सेवानिवृत्त लेखपाल के बेटे अनूप कटियार और बांदा से लापता उसके दोस्त हरीश कटियार को बारादरी थाना पुलिस ने भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद छुड़ा लिया। तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है, वहीं एसएसआई समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। अनूप की पत्नी के पास आई पांच लाख रुपये की फिरौती वाली कॉल के बाद रिपोर्ट दर्ज कराकर एसएसपी के आदेश पर टीमें कांबिंग में जुटी थीं। रात 11 बजे सफलता मिल गई। पुलिस ने इस मामले में चार और आरोपी पकड़े हैं। कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस के मुताबिक सूचना पर भोजीपुरा थाना क्षेत्र में धौराटांडा से मियांपुर गांव के बीच घेराबंदी की गई। दूसरी ओर से बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो मियांपुर निवासी अंकित कटियार, शाहिद व देवरनिया के पिपरा नानकार निवासी वीरू उर्फ वीरपाल को पैर में गोली लगी। बदमाशों की फायरिंग में बारादरी थाने के एसएसआई रोहित शर्मा और हेड कांस्टेबल असलम घायल हुए। रात में ही एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए।
बदमाशों से बारादरी थाना क्षेत्र के गणेशपुरम कॉलोनी निवासी अनूप कटियार व बांदा जिले के मोहल्ला अंडा गोदाम बाबा तालाब निवासी हरीश कटियार को पुलिस ने छुड़ा लिया। तीनों बदमाशों के पास से तीन तमंचे व कारतूस बरामद किए गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना से संबंधित चार और आरोपी पकड़े गए हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
गणेशपुरम निवासी किरन कटियार ने बारादरी थाने में रिपोर्ट कराई थी कि उनके पति अनूप कटियार (35) मूल रूप से हरदोई जिले के पांडेयपुर के निवासी हैं। उनके ससुर अमर सिंह कटियार बरेली में लेखपाल थे, जो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वह लोग गणेशपुरम कॉलोनी में रहते हैं।
पूरे मामले में पुलिस अनूप की भूमिका संदिग्ध मानकर पड़ताल कर रही है। दरअसल, अनूप के पिता काफी रसूखदार रहे हैं। उसके भाई भी काफी पढ़े-लिखे हैं व अच्छी कमाई कर रहे हैं। पूरे परिवार में केवल अनूप ही बेरोजगार है। वह खेती व पिता पर आश्रित है। इस लिहाज से पुलिस हरीश को ही असली पीड़ित मानकर जांच कर रही है। अनूप के ही नंबर से पत्नी को की गई कॉल को भी योजनाबद्ध के तरीके से किए जा रहे खेल का हिस्सा माना जा रहा है।
हरीश के परिवार ने अनूप पर लगाया अपहरण का आरोप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बांदा निवासी हरीश कटियार के परिवार ने बांदा पुलिस को तहरीर देकर अनूप पर उनके अपहरण का आरोप लगाया है। आरोप है कि अनूप ने उन्हें साजिशन गायब कर दिया है। उनके अपहरण के बहाने फिरौती लेने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि मामला दर्ज कर बांदा पुलिस अनूप व हरीश की तलाश कर रही थी। बरेली एसएसपी से भी वहां के अधिकारियों ने संपर्क साधा था।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बारादरी थाने में अनूप की पत्नी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस व एसओजी की टीम लगाई गई थी। रात में अपहृत लोगों की लोकेशन भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मिलने पर घेराबंदी की तो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। अनूप की भूमिका संदिग्ध लग रही है। मंगलवार को खुलासा कर दिया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.