बरेली: गणेश मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी नजर, एसएसपी ने दिए कड़े निर्देश
बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने बृहस्पतिवार को गणेश विसर्जन कार्यक्रमों पर ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। उन्होंने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए निर्देश दिए। जुलूसों में पुलिसकर्मी बॉक्स फॉर्मेशन में तैनात रहेंगे। मूर्ति स्थलों पर 24 घंटे निगरानी होगी। संवेदनशील मार्गों के जायजे और सोशल मीडिया पर नजर रखने को भी कहा गया।
विस्तार
बरेली में गणेश मूर्ति विसर्जन और कानून-व्यवस्था को लेकर एसएसपी अनुराग आर्य ने बृहस्पतिवार को गूगल मीट के माध्यम से पुलिस अधिकारियों के साथ दैनिक समीक्षा गोष्ठी की। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और सभी थाना प्रभारी शामिल हुए। एसएसपी ने गणेश विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि गणेश विसर्जन के लिए निकलने वाले सभी जुलूसों में सुरक्षा की दृष्टि से बॉक्स फॉर्मेशन में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। प्रत्येक गणेश मूर्ति स्थल पर 12-12 घंटे की शिफ्ट में 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने विसर्जन मार्गों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पहले से भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के निर्देश दिए। थाना क्षेत्र में होने वाली छोटी या संवेदनशील घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने और सामान्य दिखने वाली घटनाओं पर भी गंभीरता से त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
एसएसपी ने अराजक और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने तथा उनके खिलाफ निरोधात्मक और विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। गणेश विसर्जन के दौरान सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखने और भ्रामक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
डायल-112, पीआरवी और थाना पुलिस को सतर्क रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की भी समीक्षा की गई।
संवाद कार्यक्रम फिर से होगा शुरू
एसएसपी ने जनपद में फिर से ‘संवाद कार्यक्रम’ शुरू किए जाने की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों को आमजन, गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय नागरिकों से नियमित संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी गणेश विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ काम करने को कहा।