Bareilly News: पुलिस ने पकड़े दो नाबालिग चोर, आठ बाइक बरामद, शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी
बरेली के दो नाबालिग लड़के शौक पूरे करने के लिए चोरी करने लगे। दोनों ने उत्तराखंड तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को पकड़ा तो इसका खुलासा हुआ।
विस्तार
बरेली में प्रेमनगर थाना क्षेत्र के दो किशारों को बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने पकड़ा है। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह रात में बाइक से फर्राटा भरने का शौक पूरा करने के लिए चोरी करते थे। इसके बाद वह बाइक को भीड़ वाली जगह पर छोड़कर चले जाते थे। पुलिस ने आठ बाइक बरामद की है, जिनमें से चार प्रेमनगर थाने से ही चोरी की गई थीं।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने प्रेमनगर थाने में पत्रकार वार्ता के दौरान बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया। इसमें दोनों आरोपी करीब साढ़े सत्रह साल उम्र के निकले जो प्रेमनगर थाने की ही एक बस्ती के निवासी हैं। दोनों मध्यमवर्गीय परिवारों से हैं। इनमें से एक के पिता की मौत हो चुकी है। इनमें से एक कक्षा नौ का छात्र भी है।
उसने बताया कि कुछ दिन पहले हल्द्वानी से उन्होंने बाइक चोरी की थी। इस मामले में वह दोनों वहां की जेल में रहे थे। कुछ समय पहले ही जमानत पर छूटे थे और फिर बरेली में घूम घूमकर बाइक चोरी कर रहे थे।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइकों को बरामद किया है। इनमें से एक काशीपुर (उत्तराखंड) से भी चोरी की गई है। इज्जतनगर व अन्य थाना क्षेत्र से भी बाइक चुराई गई हैं।
मालिकों के सुपुर्द की जाएंगी बाइक
अब बाइक के मालिकों की तलाश कर कोर्ट के जरिये उन्हें सुपुर्दगी में दिया जाएगा। दोनों आरोपी ऐसे मध्यमवर्गीय परिवारों से हैं, जहां उनके सामने रोजी रोटी का कोई संकट नहीं है। उन्हें हाईवे व शहर में रात में बाइक दौड़ाना अच्छा लगता है।
दोनों ने बताया कि वह बाइक चोरी करके रात में घूमते थे। उसका पेट्रोल खत्म होने या सुबह हो जाने पर उसे भीड़ वाले स्थानों पर खड़ी कर चले जाते थे। सुबह तक बाइक वहीं मिलती थी तो उसे फिर ले जाते थे। कुछ बाइक वह दस से पंद्रह हजार रुपये में बेच चुके हैं।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि दोनों आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। दोनों ही शौक पूरा करने को बाइक चोरी करते थे। इनसे पूछताछ कर चोरी की और भी बाइक का पता लगने की उम्मीद है।