Bareilly News: पुलिस ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 4.20 किग्रा गांजा और नकदी बरामद
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को चेकिंग के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनसे 4.20 किग्रा गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि दोनों गांजा तस्करी करते थे।
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर पुलिस ने नगरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से गांजा तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से छह किलो गांजा और 33,357 रुपये बरामद हुए हैं। इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम नगरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव बहाुदरगंज निवासी देवेंद्र गंगवार और शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जामंत रंपुरा निवासी नरेंद्र कुमार को रोककर तलाशी ली गई।
देवेंद्र के पास से 4.20 किग्रा गांजा और 19,257 रुपये मिले। वहीं, नरेंद्र के पास से 2.40 किग्रा गांजा और 14,100 रुपये मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा कर्मचारीनगर स्थित सेवाधाम कॉलोनी निवासी सुनील कुमार से खरीदकर लाए हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
चाकू के साथ दो आरोपियों को पुलिस ने धरा
इज्जतनगर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार रात में चेकिंग के दौरान दो युवकों को चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि चेकिंग के दौरान हार्टमैन निवासी रितिक सागर और अजय को रोका गया। दोनों ने पुलिस से बचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनको रोक लिया। संदिग्ध पाने पर दोनों की तलाशी ली गई तो चाकू बरामद किया गया है।