बरेली: पुलिस ने झपटमार गैंग के चार शातिरों को किया गिरफ्तार, 10 मोबाइल फोन बरामद
बरेली के इज्जतनगर थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती और चोरी के मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 10 स्मार्टफोन, 8,700 रुपये नकद और दो बाइक बरामद की गई हैं।
विस्तार
बरेली में इज्जतनगर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं। एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है। उनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन और 8700 रुपये बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि इज्जतनगर पुलिस रिठौरा रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान नहर पटरी, अहलादपुर की ओर से आ रहे दो लोगों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। बाइक मोड़ते समय वे गिर गए, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नाजिम और एक नाबालिग अपचारी के रूप में हुई। उनके पास से पांच स्मार्टफोन, 2420 रुपये और एक बिना नंबर प्लेट की बाइक मिली। नाजिम ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह में चिल्ड्रन हॉस्पिटल, जंक्शन रोड और भीम चौराहे से राहगीरों से मोबाइल फोन छीने थे।
पुलिस ने नाजिम की निशानदेही पर बड़ी बिहार से तीन अन्य लोगों को पकड़ा। इनकी पहचान नूर, सलमान और अभिषेक राठौर के रूप में हुई। उनके कब्जे से पांच स्मार्टफोन, 5780 रुपये और एक बाइक बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि नूर की मोबाइल फोन रिपेयरिंग की दुकान है। अभिषेक छीने मोबाइल फोन लाकर देता था। नूर मदरबोर्ड निकालकर सलमान को बेचता था और सलमान उन्हें कबाड़ी को बेच देता था।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर, सुभाषनगर, बारादरी और प्रेमनगर थानों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी और चोरी का माल खरीदने-बेचने से संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।