Bareilly News: नहीं मिले हत्या के सबूत, अपहरण के आरोप में जिला पंचायत सदस्य समेत चार का चालान
बरेली के मीरगंज के चर्चित मामले में विकास सिंह नाम के युवक की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चार दिन की कोशिश के बाद भी पुलिस हत्या का आरोप साबित नहीं कर सकी।
विस्तार
बरेली में जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी और उनकी पत्नी मंजू यदुवंशी, प्रधान दोस्त समरपाल और उसके भाई का थाना मीरगंज पुलिस ने अपहरण और अन्य धाराओं में चालान कर दिया। चार दिन की कोशिश के बाद भी पुलिस युवक विकास की हत्या का आरोप साबित नहीं कर सकी।
नथपुरा गांव निवासी निरंजन और मंजू यदुवंशी के खिलाफ विकास सिंह की हत्या करने की रिपोर्ट गुरुवार को दर्ज हुई थी। विकास की मां मीरा सिंह ने आरोप लगाया कि निरंजन ने साजिश के तहत बुलवाकर उनके बेटे की हत्या कर शव छिपा दिया है। इसके बाद से पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी थी।
कमरे में मिली थीं विकास की चप्पलें
रविवार की सुबह थाना पुलिस, सर्विलांस सेल, एसओजी डॉग स्क्वायड के साथ निरंजन की ससुराल पहुंची थी। टीमों ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद ससुराल के कमरों की तलाशी ली। एक कमरे में विकास की चप्पलें बरामद हुईं। नदी किनारे से मोबाइल को कवर बरामद हुआ था।
संबंधित खबर- Bareilly News: भाजपा नेता ने की थी विकास की पिटाई, नदी में फेंका मोबाइल, शव न मिलने से उलझा मामला
पुलिस को जांच में कुछ नतीजा नहीं मिल सका। इस दौरान निरंजन और उनकी पत्नी मीरगंज थाने पहुंच गए। पुलिस ने उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की। मंगलवार को थाना मीरगंज पुलिस ने निरंजन यदुवंशी, उनकी पत्नी समेत चार आरोपियों को अपहरण के आरोप में चालान कर दिया।