बरेली में बिजली कटौती: भीषण गर्मी में दो लाख लोगों की उड़ी नींद, इधर-उधर टहलकर तो किसी ने कार में बिताई रात
भीषण गर्मी के बीच हो रही बिजली कटौती से लोगों की नींद उड़ी हुई है। शनिवार रात कृष्णानगर, गंगानगर समेत शहर के 10 मोहल्लों में बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। लोगों ने जागकर रात काटी।
विस्तार
ओवरलोडिंग के चलते 10 से अधिक मोहल्लों में रात में दो बार कटौती हुई। इससे दो लाख लोगों की नींद खराब हुई। उपभोक्ताओं ने बताया कि जब से गर्मी बढ़ी है, न रात को चैन है न दिन में सुकून। लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। दोपहरी बिताने के लिए छांव तलाशनी पड़ती है।
14 जून से बढ़ी परेशानी
लोड बढ़ने से 14 जून से शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पारेषण से लेकर वितरण तक के सब स्टेशन ओवरलोड चल रहे हैं। सभी फीडर एक साथ नहीं चल पा रहे हैं। शाम 7 बजे जब हर परिवार को बिजली की जरूरत होती है, उसी समय फीडरवार कटौती शुरू हो जाती है। इसलिए 24 घंटे का औसत आधे शहर में पूरा नहीं हो रहा है।ये भी पढ़ें- Weather News: दुविधा में मौसम विज्ञानी... हवा का रुख तय करेगा बरसेगी आग या पानी; लू का अलर्ट जारी
किसी ने नहीं रिसीव की कॉल
सुभाषनगर के चंद्रप्रकाश ने बताया कि रात में 3:30 बजे बिजली चली गई। मैं सुबह तक फोन करता रहा। सब स्टेशन से जेई तक किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। दोपहर 1.30 बजे एसडीओ ने फोन रिसीव किया।बारिश होने का करिए इंतजार
गणेशनगर के धनपाल ने कहा कि मैं बुजुर्ग हूं। बिजली न आने पर तकलीफ होती है, लेकिन अभियंता कहते हैं कि सिस्टम ओवरलोड है। बारिश होने का इंतजार कीजिए। तभी आपूर्ति में सुधार हो सकेगा।लो-वोल्टेज में नहीं चलता फ्रीज, सड़ रहीं सब्जियां
सुभाषनगर की गंगानगर कॉलोनी की गृहणी अनीता कुमारी ने बताया लो वोल्टेज के चलते फ्रीज नहीं चल पाता। सब्जियां बाहर सड़ रही हैं। सुबह आने वाला दूध अगर दिन में दो बार न उबालें तो शाम तक खराब हो जाता है।ये भी पढ़ें- UP News: किशोरी को अगवा कर दो भाइयों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, धर्मांतरण कराने ले गए मौलवी के पास
कॉलोनी के विशाल रस्तोगी का कहना था कि रात में पंखे सिर्फ हिलते हैं, चलते नहीं। पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। सर्वोदयनगर में पूरी रात लो-वोल्टेज रहा। महज 15 मिनट आपूर्ति मिली।
ग्रामीण क्षेत्र में भी नहीं मिल पा रही 18 घंटे बिजली
ग्रामीण क्षेत्र में भी 18 घंटे आपूर्ति का औसत पूरा नहीं हो पा रहा है। गांव बोहित व पचखेड़ा के लोगों ने बताया कि सिर्फ 10 -12 घंटे आपूर्ति का औसत चल रहा है। बोहित गांव से विकास कुमार ने बताया कि पूरी रात बिजली नहीं मिली। बिजली कब आएगी और कब जाएगी, कुछ पता नहीं रहता।
ये भी पढ़ें- Shani Vakri 2023 : कुंभ राशि में प्रवेश कर शनि की उल्टी चाल शुरू; जानिए राशियों पर क्या पड़ेगा प्रभाव
मुख्य अभियंता राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि शहर का सिस्टम ओवरलोड है। दुर्गानगर, हरुनगला, लोहिया विहार में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। आने वाले दिनों में सिस्टम ठीक हो जाएगा और बेहतर आपूर्ति मिलेगी।