Bareilly News: लोगों ने बनाया जुगाड़ का पुल, 20 रुपये चुकाने के बाद जान जोखिम में डालकर निकल रहे बाइक सवार
मानपुर-पदमी मार्ग पर पांच मीटर अप्रोच रोड बह जाने कस्बापुर के पुल पर आवागमन बंद है। पीडब्ल्यूडी पांच महीने में पांच मीटर अप्रोच रोड नहीं बना सका है। लोगों ने नदी पर लड़की से जुगाड़ पुल बना रखा है। 20 रुपये चुकाकर बाइक सवार इससे नदी पार कर रहे हैं।
विस्तार
बरेली जिले में तीन लोगों ने 50 हजार रुपये खर्च कर कस्बापुर के निकट किच्छा नदी पर जुगाड़ का पुल बनाया। जुगाड़ के पुल से बाइक लेकर निकलने के लिए ग्रामीण अब 20 रुपये प्रति फेरा चुका रहे हैं। बाढ़ में बही पुल की पांच मीटर अप्रोच रोड बनने में देरी की वजह से लोगों के सामने यह मुसीबत आई है। दस गांवों के करीब 20 हजार लोग इससे प्रभावित हैं।
मानपुर-पदमी मार्ग पर कस्बापुर के निकट बने किच्छा नदी पर बने पुल की अप्रोच रोड में से करीब पांच मीटर हिस्सा बीते साल जुलाई में बाढ़ में बह गया था। इसे पीडब्ल्यूडी के अभियंता अभी तक नहीं बना सके। पुल के दोनों ओर आवागमन बंद करने के लिए दीवार जरूर खड़ी कर दी गई। आवागमन प्रतिबंधित होने का बोर्ड लगने के बाद लोगों ने लकड़ी की फंटी और खंभे लगाकर पुल बनाया। इससे दोपहिया वाहन और पैदल निकल सकते हैं।
तीन लोगों ने 50 हजार रुपये खर्च किए। अब इसे वसूलने के लिए उन्होंने दोपहिया वालों पर 20 रुपये का शुल्क लगाया है। ग्रामीण कहते हैं कि अगर तीन मीटर अप्रोच रोड बन जाती तो यह हाल न होता। मुख्य अभियंता अजय कुमार ने बताया कि पुल की अप्रोच के लिए एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेज दिया है। किसी भी दिन स्वीकृति मिल सकती है।
अगर जुगाड़ पुल से न जाएं तो 30 किलोमीटर का चक्कर लगेगा
ग्रामीणों ने बताया कि अगर जुगाड़ के पुल से बाइक पार करके न जाएं तो शेरगढ़ ब्लाक मुख्यालय जाने के लिए मानपुर, पदमी, वनइया, मदनापुर, लखा, रुस्तमनगर, कुतुकपुर पंडरी गुलड़िया समेत कई गांवों के लोगों को तीस किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करनी पड़ती है। इसीलिए 20 रुपये देना लोग उचित मान रहे हैं।
कस्बापुर के प्रधान अरविंद गंगवार ने बताया कि उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की लेकिन पुल की एप्रोच रोड अभी तक ठीक नही हुई है। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.