Bareilly News: आधार कार्ड बनवाने के लिए घंटों इंतजार, मिल रही अगली तारीख, लोग परेशान
बरेली में स्कूल खुलने के बाद आधार कार्ड बनवाने व अपडेट कराने वाले लोगों की भीड़ फिर उमड़ने लगी है। सुबह पांच बजे से ही लोग कतार में लग जा रहे हैं। फिर भी कई लोगों का नंबर नहीं आ पा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में स्कूल खुलने के बाद प्रधान डाकघर में आधार कार्ड बनवाने व अपडेट करने के लिए छात्र और उनके अभिभावकों की भीड़ लग रही है। घंटों लाइन में लगने के बाद भी उनका नंबर नहीं आ रहा और उन्हें अगली तारीख मिल रही है। आलम यह है कि सुबह पांच बजे से ही लोग अपने बच्चों के लिए लाइन में लगने के लिए पहुंच रहे हैं। बैंकों में आधार न बनने से सारा भार प्रधान डाकघर पर आ गया है।
शुक्रवार को प्रधान डाकघर पर लगी लाइन में शामिल लोगों की समस्या जानने का प्रयास किया गया। यहां गेट के पास से ही लाइन लगी हुई मिली। साथ ही हाथ में फाॅर्म लिए काफी लोग आसपास खड़े थे। शहर से लेकर देहात तक के लोग पहुंचे हुए थे। देहात से आने वाले लोगों को पूरे दिन यहीं बैठना पड़ रहा है। सीनियर पोस्टमास्टर जीए खान ने बताया कि डाकघर में एक दिन में करीब 150 आधार कार्ड बनवाए जा रहे है, जिसमें नए व अपडेट दोनों शामिल है।
बैंक में जाने के बाद निराश होकर लौट रहे लोग
प्रधान डाकघर में पहुंचे मीरगंज के अनिल ने बताया कि मीरगंज में कई टेलीफोन एक्सचेंज आधार कार्ड बनाने के लिए चयनित किए गए थे, लेकिन वहां सुविधा उपलब्ध नहीं है। वह जो लोग पहुंचते है, वे निराश होकर लौटते हैं। फरीदपुर से आए सुनील ने बताया कि फरीदपुर में बच्चे का आधार बनवाने के लिए बीओबी बैंक को चुना गया है, लेकिन वहां सिर्फ फोन नंबर ही अपडेट होते हैं, बॉयोमैट्रिक नहीं किया जाता और न ही नए कार्ड बनवाए जाते है। देहात में चयनित स्थानों पर आधार कार्ड बनवाने के लिए हो रही लापरवाही के चलते लोगों को प्रधान डाकघर का रुख करना पड़ रहा है।
कई बार चक्कर काटने के बाद भी निदान नहीं
अलीगंज के वली मोहम्मद खान ने बताया कि मेरी बेटी का पूरा नाम शहनूर खान है, जबकि आधार कार्ड पर सिर्फ शहनूर लिखा है। कई बार नाम सही कराने के लिए फॉर्म भरा है लेकिन ठीक हुआ नहीं है। धौराटांडा के मोहम्मद इमरान ने कहा कि आधार कार्ड में मुझे इमरान की जगह मोहम्मद इमरान नाम कराना है। सुबह से लाइन में खड़ा हूं, लेकिन दोपहर तक नंबर नहीं आया।
बिशारतगंज की पूजा ने कहा कि मैं अपने और पति के आधार कार्ड में फोन नंबर अपडेट कराने आई हूं। कई चक्कर के बावजूद काम नहीं हुआ है। छोटे बच्चों को लेकर रोज इतनी दूर आना पड़ रहा है। कैंट एरिया के चंदन ने कहा कि मुझे तीन साल के अपने बेटे का आधार कार्ड बनवाना है। कई बार डाकघर के चक्कर काट चुका हूं, लेकिन अभी तक नहीं बन पाया है।