बरेली: पाल कॉलोनी में हालत बदतर, स्थानीय लोग बोले- नहीं आते हैं सफाईकर्मी; जलभराव की भी समस्या
बरेली के शुगर फैक्टरी वार्ड की पाल कॉलोनी में रविवार को अमर उजाला की ओर से वार्ड संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें स्थानीय लोगों ने इलाके की समस्याएं बताईं। उन्होंने कहा कि निजी हाथों में जाने से सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है।
विस्तार
बरेली के शुगर फैक्टरी वार्ड की पाल कॉलोनी में लोगों की स्थिति बदतर है। यहां पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। गली नंबर एक में रोजाना सफाई कर्मचारी के नहीं आने पर लोग स्वयं झाडू लगाकर नाला साफ करते हैं। लोगों का आरोप है कि निजी हाथों में व्यवस्था जाने से समस्या हो रही है। साथ ही पाल कॉलोनी में मलबा उठाना मुश्किल हो गया है। ये बातें स्थानीय लोगों ने रविवार को पाल छात्रावास में आयोजित अमर उजाला वार्ड संवाद में बताईं।
ज्ञान पाल ने बताया कि पाल कॉलोनी के गली नंबर एक में जलभराव की समस्या बनी रहती है, जिससे बच्चों को स्कूल जाने में समस्या होती है। सफाईकर्मी के न आने के कारण नाला सफाई व झाडू खुद लगाते हैं। ओमवीर पाल ने बताया कि जब लोग घरों के बाहर सड़क पर झाडू लगा लेते हैं तब सफाईकर्मी आते हैं। इनको किसी का डर नहीं है। जब से सफाई व्यवस्था निजी हाथों में गई है तब से समस्या बनी हुई है।
जल निकासी न होने से जलभराव की समस्या
फौजी धर्मपाल ने बताया कि लोग नाले का मलबा निकाल देते हैं तो उठान नहीं होता। नेकपुर रोड पर मुख्य पुलिया है जो काफी नीचे है, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इलाके में फॉगिंग भी नहीं की जा रही है। मनोज कुमार ने बताया कि घर के सामने जलभराव की समस्या बनी रहती है। दफ्तर व स्कूल जाने में लोग परेशान होते हैं। सुभाषनगर अंडर पास के पास से रेलवे लाइन के पास वाला मार्ग बन जाए तो समस्या न हो। कुछ ऐसी ही शिकायत जयपाल सिंह, राजेंद्र पाल, टेक पाल, इंद्रेश पाल, सुजीत पाल, प्रेमजी पाल, अभिषेक पाल, छोटेलाल पाल, चंद्रपाल सिंह, सेवा राम ने की।
प्लॉट पर अवैध कब्जे का आरोप
सुनील कुमार ने बताया कि शुगर फैक्टरी का दो बीघा खाली प्लॉट पड़ा है, जिस पर अवैध कब्जा है। साथ ही मीट की छह दुकानें खुली हुई हैं, यह बगैर लाइसेंस के चल रही हैं। जिसको व्यापारी बगैर मानक के खुलेआम बेच रहे हैं। सारी गंदगी वहीं पर फैला रहे हैं।
शीला पाल ने बताया कि लोगों के घरों में पहुंचने वाली जलकल के पानी की पाइप लाइन कटी है। इसके बाद भी नगर निगम के टैक्स का बिल भेजा जा रहा है। जिनके घरों में पानी की मशीन है उनका तो ठीक। जिनके घर नहीं है वह आसपास के हैंडपंप से पानी लाने को मजबूर हैं।
देवेश पाल ने बताया कि घर के पास तीन बिजली के खंभे हादसे को दावत दे रहे हैं। एक घर के सहारे लटका है, दूसरा नाले में व तीसरा पूर्वी मोड़ पर। विद्युत निगम के अधिकारी कहते हैं कि स्टीमेट बनवा दे रहे है खर्च जनता को उठाना होगा। इसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
राहुल कुमार ने बताया कि वार्ड में एक छोटा नाला है जो आधा बना है तो कुछ हिस्सा खुला है। खुले नाले से गंदगी व बीमारी का खतरा बना हुआ है। इसमें तीन बार छोटे बच्चे गिर चुके हैं, जिनको किसी तरह से लोगों की मदद से निकाला गया। नाला की सफाई होने के बाद कचरा नहीं उठता है।
पार्षद बृजेश कुमार पाल ने बताया कि वार्ड सुभाषनगर से सटा होने के कारण जाम व जलभराव की समस्या से जूझता रहता है। नेकपुर गोटिया में 10 साल से शौचालय खंडहर बना है अगर तोड़ दिया जाए तो बच्चों के लिए पार्क बन सकता है। सुभाषनगर रेलवे क्रासिंग के बराबर 300 मीटर सड़क के लिए नगर निगम की तरफ से बजट पास हुआ। जिस पर रेलवे ने रोक लगा दी है। सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
