रफ्तार का कहर: बरेली में भाजपा का झंडा लगी कार ने चार लोगों को मारी टक्कर, तीन की हालत गंभीर
बीसलपुर रोड पर ग्लोबल अस्पताल के बाहर लोग खड़े हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार में सवार चार युवक भागने लगे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
विस्तार
बरेली में भाजपा का झंडा लगी तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें तीन लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों में एक ही हालत गंभीर बताई गई है। हादसा सोमवार रात करीब 12 बजे बारादरी थाना क्षेत्र के हारुन नगला में बीसलपुर रोड पर हुआ। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
बारादरी थाना क्षेत्र के हरुनगला में बीसलपुर रोड पर ग्लोबल अस्पताल के बाहर सोमवार रात कुछ मरीजों के तीमारदार और गार्ड खड़े हुए थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे बीसलपुर की ओर से भाजपा का झंडा लगी एक कार तेज रफ्तार में यहां से गुजरी।
पहले कार को मारी टक्कर, फिर लोगों को
कार ने पहले तो सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार को टक्कर मारी और फिर चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रामदेव, जैक्सन समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे।
ये भी पढ़ें- भाभी से बात करने पर दी मौत: सात माह बाद खुला सेल्समैन की हत्या का राज; महिला के देवर समेत दो गिरफ्तार
कार में चार लोग सवार थे। हादसे के बाद यह कार छोड़कर भागने लगे, लेकिन आसपास के लोगों ने एक व्यक्ति को दौड़कर पकड़ लिया। पकड़ा गया व्यक्ति कार चालक बताया जा रहा है। उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
पूरा हादसा अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। इंस्पेक्टर हिमांशु निगम ने बताया कि जांच की जा रही है। कार पुलिस के कब्जे में है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अभी तहरीर नहीं मिली है।