Bareilly News: कांवड़ लेने के बहाने निकले बरेली के युवक, दिल्ली में अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार
बरेली के सिरौली क्षेत्र निवासी युवक अपने साथियों के साथ कांवड़ लेने की कहकर घर से निकला था। इनके मोबाइल फोन बंद होने से परिजन परेशान थे। शुक्रवार सुबह फोन पर परिजनों को सूचना मिली कि युवक और उसके दो साथियों को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के गांव बरसेर के एक युवक व उसके दो साथियों को दिल्ली में नारकोटिक्स टीम ने गिरफ्तार किया है। चर्चा है कि इन लोगों से 20 किलो अफीम बरामद की गई है। वह कुछ साथियों के संग कांवड़ यात्रा के बहाने निकला था। उसके कुछ साथी भाग निकले हैं, इनकी तलाश में नारकोटिक्स टीम सिरौली इलाके में डेरा डाले हुए है।
बरसेर निवासी हरिशंकर व उसके छह साथी तीन दिन पहले कांवड़ियों के रूप में घर से निकले थे। इन लोगों ने ग्रामीणों को बताया था कि वह हरिद्वार जा रहे हैं, वहां से जल लेकर लौटेंगे और यहां जलाभिषेक करेंगे। इनके मोबाइल फोन बंद होने से परिजन परेशान थे।
शुक्रवार सुबह दिल्ली नारकोटिक्स की टीम ने हरिशंकर के परिजनों को कॉल करके उसको हिरासत में लेने की जानकारी दी। बताया कि उसके दो और साथियों को पकड़ा गया है जबकि तीन लोग भाग गए हैं। बताया है कि इनके पास से करीब 20 किलो अफीम मिली है। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वह लोग चाहें तो उससे मिल लें।
स्थानीय पुलिस को भी दी सूचना
बताते हैं कि स्थानीय पुलिस के पास भी कॉल करके इस तरह की सूचनाएं दी गई हैं। यह भी कहा जा रहा है कि हरिशंकर के बाकी साथियों की तलाश में दिल्ली की नारकोटिक्स टीम सिरौली इलाके तक पहुंच गई है।
हरिशंकर से जानकारी लेकर टीम उसके साथियों की गोपनीयता से तलाश कर रही है। इस मामले में सिरौली इंस्पेक्टर जगत सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बरसेर गांव का कौन युवक पकड़ा गया है, इसकी थाना पुलिस को जानकारी नहीं है।