UP: बरेली में कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से अफसरों ने बरसाए फूल, महादेव के जयकारों से गूंजा शहर; देखें तस्वीरें
सावन माह के तीसरे सोमवार को बरेली में शिवभक्तों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग और सात नाथ मंदिरों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान सातों नाथ मंदिर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे।
विस्तार
सावन माह के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए बरेली के नाथ मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। हरिद्वार और कछला से गंगाजल लेकर आए हजारों कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। शिवालयों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें दिखीं। जिला प्रशासन की ओर से सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचे कांवड़ियों व श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की। इस दौरान मंदिर परिसर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। वहीं, शहर की सड़कों पर कांवड़ियों का सैलाब दिखाई दिया। भक्ति गीतों पर नाचते हुए कांवड़ियों के जत्थे सड़कों से गुजरते रहे।
कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा
सावन के तीसरे सोमवार पर जिला प्रशासन की ओर से सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचने वाले कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने करीब 20 हजार कांवड़ियों व श्रद्धालुओं पर सात क्विंटल फूल बरसाए गए।
बदायूं रोड पर भोजीपुरा के महंत देवानंद तिरंगा और विभिन्न मंदिरों के स्वरूपों की मनमोहक झांकियों के साथ अपने जत्थे के साथ पहुंचे। कलश कांवड़ भी शामिल रही। उन्होंने बताया कि इस बार उनकी 17वीं यात्रा है। जत्थे में करीब 50 कांवड़ियों की टोली है। कहा कि अगली बार राम मंदिर की कांवड़ बनाकर लाएंगे।
रामगंगा के आसपास शिवभक्तों की सेवा के लिए शिविर और पंडाल लगाए गए। सड़कें दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले से गुंजायमान रहीं। कांवड़ियों के बढ़ते दबाव के चलते लाल फाटक रोड पर यातायात बाधित रहा। कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। बदायूं जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद एंबुलेंस को जाम से निकाला।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.