बरेली में भारी वाहनों की नो एंट्री: आज रात दो बजे तक रहेगी यह व्यवस्था, नए साल पर हुड़दंग पड़ेगा भारी
Bareilly News: मंगलवार शाम से नए साल का जश्न शुरू हो जाएगा। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। वहीं जश्न के नाम पर हुड़दंग करने वालों से निपटने के लिए भी पुलिस अलर्ट है।
विस्तार
नए साल से एक दिन पहले 31 दिसंबर को सुबह आठ से रात दो बजे तक बरेली शहर में भारी वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सिविल और ट्रैफिक पुलिस की मोबाइल टीमें भी गश्त पर लगाई गई हैं।
बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहन भमोरा, देवचरा, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर, बड़ा बाइपास, ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए आ-जा सकेंगे। बदायूं की तरफ से लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत जाने वाले भारी वाहन दातागंज, फतेहगंज पूर्वी होते हुए गंतव्य को जा सकेंगे। लखनऊ, शाहजहांपुर की ओर से बदांयू की ओर जाने वाले भारी वाहन फतेहगंज पूर्वी, दातागंज होते हुए जा सकेंगे।
पीलीभीत, नैनीताल की ओर से बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज होते हुए गंतव्य तक जा सकेंगे।
दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर की ओर से बदायूं की ओर जाने वाले वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाइपास, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज होते हुए पास किए जाएंगे। लखनऊ, शाहजहांपुर की ओर से दिल्ली, रामपुर, मुरादाबाद जाने वाले वाहन फतेहगंज पूर्वी, बड़ा बाइपास, विलय धाम, बिलवा, झुमका तिराहा होते हुए पास किए जाएंगे।
नए साल पर हुड़दंग किया तो जाओगे जेल
नए साल पर जश्न के नाम पर हुड़दंग भारी पड़ेगा। इसे लेकर पुलिस अलर्ट है। सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग के निर्देश हैं। होटल व ढाबों पर छापे मारे जाएंगे। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को पुलिस तीन तरह के अभियान चलाएगी। तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों, नशा करके वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर नशा व छेड़खानी करने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा।
थानों की पुलिस के साथ पुलिस लाइन से करीब सौ पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। यूं तो पुलिस पूरे शहर में गतिशील रहकर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई करेगी, लेकिन वाहन चेकिंग के लिए 22 स्थान भी तय किए गए हैं। अधिकारी भी शहर में घूमकर मॉनीटरिंग करेंगे।
