बदायूं में मुठभेड़: किन्नर के घर से एक करोड़ से अधिक की चोरी करने वाले नौ बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से दो घायल
बदायूं के ओरछी कस्बा निवासी किन्नर के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाशों में से दो के पैरों में गोली लगी है।
विस्तार
बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सात बदमाशों को पुलिस ने एसएसपी के सामने पेश कर घटना का खुलासा किया। बाद में इन बदमाशों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से सभी को जेल भेजा गया है। बदमाशों के कब्जे से 700 ग्राम सोने के आभूषण, दो किलो चांदी के आभूषण, 8.35 लाख रुपये की नकदी व तमंचा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसपी देहात ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि ओरछी निवासी किन्नर टीना के घर हुई एक करोड़ से अधिक की चोरी के मामले में थाना पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश चोरी करने के उद्देश्य से गनगोली में देखे गए हैं। इस सूचना पर थाना पुलिस ने सोमवार तड़के पांच बजे बदमाशों की घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने अपने बचाव में भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
इन बदमाशों को लगी गोली
जिला अमरोहा के थाना नौगवा के गांव खेड़ा उपरोला के रहने वाले नाजिम व करमल्लीपुर निवासी तैय्यब को मुठभेड़ के दौरान गोली लगी है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उनका उपचार चल रहा है।
नाजिम व तैय्यब पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पकड़े गए बदमाश नाजिम व तैय्यब पर अमरोहा जिले के नौगवां सादात, गजरौला, हसनपुर, अमरोहा देहात थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के हैं।
अरविंद देता था जिम की ट्रेनिंग
पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया बदमाश अरविंद गौतम चंदौसी के सेमरटोला मोहल्ले का निवासी है। बताया जाता है कि वह जिम ट्रेनर है और कई जिम में जाकर लोगों को ट्रेनिंग देता है। जिम की ट्रेनिंग देते-देते ही वह इस कांड में शामिल हो गया। चर्चा तो इस बात की भी है कि उसे पुलिस ने मुरादाबाद से उठाया है जब वह अपनी पत्नी के साथ अपनी ससुराल गया था।
यह बदमाश हुए गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में चंदौसी निवासी अरविंद गौतम, अमरोहा के नाजिम, मोईन, तैय्यब, संभल के असफाक उर्फ कांति, नदीम, शिब्बू उर्फ शोएब, फुरकान उर्फ फकरुद्दीन व सोहेल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी हुए सोने-चांदी के जेवर व 8.35 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। अभी भी तीन बदमाश फरार है। जिनकी तलाश में पुलिस लगी है।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि गनगोली के जंगल में बैठकर कुछ बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इसी पर पुलिस की टीम ने घेराबंदी की और नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। सात बदमाशों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। घायलों के ठीक होने पर उन्हें जेल भेजा जाएगा।