Bareilly News: कैंट इलाके में मां-बेटी को बंधक बनाकर जेवर और नकदी लूटी, तीन बदमाशों ने की वारदात
कैंट के नकटिया इलाके के एक घर में घुसकर तीन बदमाशों ने लूटपाट की। बदमाशों ने घर में मौजूद मां-बेटी को बंधक बना लिया। डरा-धमकाकर उनसे नकदी और जेवर लूट लिए।
विस्तार
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया इलाके के एक घर में वृद्धा और उनकी बेटी को बंधक बनाकर तीन बदमाशों ने लूटपाट की। बदमाश करीब छह लाख रुपये के जेवर व नकदी लूट ले गए। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी व सीओ सिटी ने मौका मुआयना किया। एसएसपी ने खुलासे के लिए टीम गठित की है। इस मामले में पुलिस को खुलासे के लिए कुछ सुराग मिले हैं।
सिटी पैलेस बरातघर के सामने रहने वाली शहनाज बानो के पति हाजी फुरकत अली खां की मौत हो चुकी है। शहनाज घर में अकेली रहती हैं। उन्होंने कैंट पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को जलालाबाद निवासी विवाहित बेटी दीपा यादव अपने 11 वर्षीय बेटे के साथ उन्हें देखने आई थी।
मां-बेटी बच्चे के साथ सो रही थीं। शनिवार रात करीब तीन बजे तीन नकाबपोश बदमाश छत से जीने के रास्ते बरामदे में आए और बैठक में लगा प्लाई का दरवाजा तोड़कर बेडरूम तक पहुंच गए। दो बदमाशों ने मां-बेटी पर तमंचे तान दिए। तीसरे बदमाश के हाथों में चाकू थे। उन लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए जेवर व नकदी देने को कहा। इससे पहले दोनों के मोबाइल बदमाशों ने छीन लिए।
शोर मचाने पर दबाया गला
शहनाज ने शोर मचाने की कोशिश की तो एक बदमाश ने उनका गला दबा दिया। इससे मां-बेटी दहशत में आ गईं। बदमाशों ने पास में रखी चाबी से संदूक खोलकर एक सोने की चेन, एक सोने का हार, 6 जोड़ी सोने के टॉप्स, तीन सोने की अंगूठी व 50 हजार रुपये निकाल लिए। दीपा के पर्स से भी उन्होंने दस हजार रुपये व दो डेबिट कार्ड लूट लिए। करीब डेढ़ घंटा घर में रहकर तलाशी लेने के बाद बदमाश शोर मचाने पर दोबारा आकर जान से मारने की चेतावनी देकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के काफी देर बाद शहनाज ने कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। दोपहर में एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी राहुल भाटी और सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। एसओजी और सर्विलांस की टीम ने भी पीड़ित पक्ष से अलग जाकर बात की। पुलिस ने घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
मुस्लिम परिवार से जुड़ीं तो बदल लिया धर्म
करीबियों के मुताबिक शहनाज का नाम पहले सुषमा यादव था। उनके पति सीतापुर जिले के निवासी थे और यहां पीएसी आठवीं बटालियन में कैशियर पद पर तैनात थे। इसी दौरान जब परिवार नकटिया में रहा तो सुषमा के संबंध हाजी फुरकत अली खां से हो गए। पति की मौत के बाद उन्होंने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम शहनाज रखा और फुरकत अली खां से निकाह कर लिया। पहले पति से उनके पुत्र और पुत्री दीपा हैं जो बाहर रहते हैं। दीपा अक्सर आती रहती हैं।
संपत्ति विवाद के बिंदु पर भी जांच शुरू
फुरकत अली खां की पहली पत्नी से भी उनकी संतानें हैं जो ठिरिया निजावत खां गांव में रहती हैं। शहनाज के पास भी फुरकत अली खां से मिली काफी प्रॉपर्टी है। इसमें आलीशान मकान व दुकानें शामिल हैं। चर्चा है कि इस संपत्ति को लेकर भी परिवार में अंदरखाने गतिरोध है। बदमाश शहनाज की हत्या के इरादे से आए थे। घर में दीपा व उनके बेटे को देखने के बाद उन्होंने हत्या का इरादा छोड़कर लूट कर ली। इस घटनाक्रम में परिवार के सदस्यों से जुड़ी गतिविधियों पर भी पुलिस जांच कर रही है।
करीबी को तस्करी में मिला है नोटिस
पीड़ित परिवार से जुड़ा एक करीबी स्मैक तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल है। उसे तीन दिन पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम नोटिस देकर गई है। उसे दिल्ली तलब किया गया है। उसकी संपत्ति की जांच व अन्य कार्रवाई भी चल रही है। स्थानीय पुलिस से आरोपी की दोस्ती है, माना जा रहा है कि आरोपी से पुलिस पूछताछ व कार्रवाई कर सकती है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि तीन नकाबपोश आरोपियों ने महिला व बेटी को धमकाकर लूट कर ली है। घटनास्थल का निरीक्षण किया है। एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस, एसओजी व सर्विलांस की टीम सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष से पूछताछ में कुछ सुराग मिला है, जल्दी ही घटना का खुलासा हो जाएगा।