चलती ट्रेन में लूट: अलीगढ़-बरेली पैसेंजर में महिला यात्री से पर्स लूटा, बहजोई से आरोपी गिरफ्तार
संभल जिले के गुन्नौर निवासी महिला अपने परिवार के साथ बरेली जा रही थी। बिशारतगंज स्टेशन के पास एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका पर्स लूट लिया और फरार हो गया।
विस्तार
अलीगढ़-बरेली पैसेंजर में गुरुवार रात करीब 11 बजे महिला यात्री से बदमाश ने झपट्टा मार कर पर्स लूट लिया। पर्स में नकदी और सोने के कुंडल थे। जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर पर्स, नकदी और जेवर बरामद कर लिए हैं। एक अन्य लूट की वारदात को सामान भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद किया गया है।
संभल जिले के गुन्नौर निवासी जय प्रकाश अपने परिवार के साथ अपने परिवार के साथ अलीगढ़-बरेली पैसेंजर से बरेली आ रहे थे। रात करीब 11 बजे ट्रेन बरेली के बिशारतगंज स्टेशन पा पहुंची। यहां अचानक झपट्टा मार कर अज्ञात युवक जय प्रकाश की पत्नी से पर्स छीन कर भाग गया। मामले में जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
बहजोई क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार
संभल के थाना बहजोई के गांव अतरासी के हरज्ञान को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से महिला से लूटा गया पर्स और उसमें नकदी, जेवर बरामद हुए। पूछताछ में उसने इसी तरह लूट की अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। एक अन्य लूट के एक जोड़ी कुंडल भी उसकी निशानदेही पर बरामद किए गए हैं।
आरोपी ट्रेन में टिकट लेकर यात्रा करता था। अंधेरा होने पर झपट़्टा मार लूट करने के बाद छिप कर कपड़े बदल लिया करता था ताकि पकड़ में न आए। इंस्पेक्टर जीआरपी अजीत प्रताप सिंह ने बताया आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।