Bareilly: रिश्वत के मामले में एसडीओ को एमडी ने किया निलंबित, एंटी करप्शन ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
बरेली में रिश्वत के मामले में जेई और संविदाकर्मी की गिरफ्तारी के बाद एसडीओ पर भी गाज गिरी है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने एसडीओ को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक भवानी सिंह खंगरौत ने बरेली के सुभाषनगर सबस्टेशन के उप खंड अधिकारी (एसडीओ) रामजगत वर्मा को निलंबित कर दिया है। रामजगत वर्मा भ्रष्टाचार के मामले में नामजद हुए थे। मुख्य अभियंता रणविजय सिंह ने उनके निलंबन की संस्तुति 27 जनवरी को ही कर दी थी।
सुभाषनगर सबस्टेशन के जेई सुरजपाल गुप्ता और संविदाकर्मी नरेंद्र सिंह रावत 26 जनवरी को पांच हजार रुपये घूस लेते पकड़े गए थे। एसडीओ इस मामले में सह अभियुक्त हैं। तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जेई और संविदाकर्मी जेल भेजे जा चुके हैं।
एसडीओ के खिलाफ भी साक्ष्य मिल चुके हैं। घूसखोरी में पकड़े जाने से 37 मिनट पहले जेई और एसडीओ में बातचीत हुई थी। जेई के फोन में इसकी रिकॉर्डिंग मिली थी। इसी आधार पर उनको निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में एसडीओ देवीपाटन क्षेत्र के गोंडा से संबद्ध रहेंगे।
रिकॉर्डिंग के अंश
26 जनवरी को 12:55 बजे जेई सूरजलाल गुप्ता और एसडीओ रातजगत वर्मा के बीच 59 सेकेंड की बातचीत हुई थी। इसकी रिकॉर्डिंग जेई के फोन में मिली। जिसमें जेई पूछता है- 25 हजार बोल दूं सर? इस पर एसडीओ कहते हैं-: पुलिस वाले हैं। ज्यादा नहीं, जो इजिली पॉसिबल (आसानी से संभव) हो।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक भवानी सिंह खंगरौत ने बताया कि एसडीओ का कृत्य गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है। इसीलिए उन्हें निलंबित किया गया गया है।