चुनावी इतिहास: बरेली लोकसभा सीट पर शुरुआत में दो-चार, 1996 में सर्वाधिक 36 उम्मीदवार
वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में बरेली सीट से सर्वाधिक 36 उम्मीदवार मैदान में थे। पिछले लोकसभा चुनाव में 16 उम्मीदवारों के बीच जोर आजमाइश हुई।
विस्तार
लोकसभा चुनाव-2024 का बिगुल बज चुका है। सियासी सरगर्मी बढ़ने के साथ ही दावेदार भी सामने आने लगे हैं। जिन्हें टिकट मिल गया है वे ताल ठोक रहे हैं। वहीं, जिन दावेदारों का टिकट फाइनल नहीं हुआ है, वे शीर्ष नेतृत्व तक पैरवी में जुटे हुए हैं।
खेल बिगड़ता देख कुछ दावेदारों ने दूसरे दलों में भी पैरवी शुरू कर दी है। देश की आजादी के बाद शुरुआती दौर में लोग सियासी तौर पर इतने जागरूक नहीं थे। तब दो-चार प्रत्याशी ही मैदान में उतरते थे। जैसे-जैसे जागरूकता बढ़ी, दावेदारों की संख्या में भी इजाफा होता गया। वर्ष 1996 में हुए लोकसभा चुनाव में बरेली सीट से सर्वाधिक 36 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे।
वर्ष 1957 के लोकसभा चुनाव में बरेली सीट पर सिर्फ दो प्रत्याशी ही आमने-सामने थे। कभी पांच तो कभी सात का क्रम वर्ष 1977 तक जारी रहा। वर्ष 1980 में पहली बार प्रत्याशियों की संख्या दहाई के पार पहुंची। इस चुनाव में 20 उम्मीदवार मैदान में उतरे।
लोकसभा चुनाव: इस हॉट सीट पर भाजपा-बसपा ने अभी तक नहीं खोले पत्ते, सपा ने इन्हें बनाया है प्रत्याशी
वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में बरेली सीट से सर्वाधिक 36 उम्मीदवार मैदान में थे। पिछले लोकसभा चुनाव में 16 उम्मीदवारों के बीच जोर आजमाइश हुई। अब तक हुए 17 चुनावों में नौ बार यहां उम्मीदवारों की संख्या ने दहाई के आंकड़े को पार किया है।
संतोष को सबसे अधिक मत मिले
वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी सुरेश गौड़ को सिर्फ 36 मत ही मिले थे। बरेली सीट पर किसी प्रत्याशी को मिलने वाले मतों की यह न्यूनतम संख्या है। वर्ष 2019 के चुनाव में विजेता प्रत्याशी संतोष गंगवार को अब तक सर्वाधिक 5,65,270 मत मिले थे।
सतीश चंद्रा बने थे पहले सांसद
वर्ष 1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में बरेली की संसदीय सीट को बरेली साउथ के नाम से जाना जाता था। इस चुनाव में पांच प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। कांग्रेस के सतीश चंद्रा बरेली के पहले सांसद चुने गए थे। उन्हें 66,740 वोट मिले थे जो कुल मतों का 48.10 फीसद था। सोशलिस्ट पार्टी के सेठ दामोदर स्वरूप 30,067 वोट पाकर दूसरे और ऑल इंडिया भारतीय जनसंघ के रोशन लाल 23,762 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे।
वर्ष संख्या
2019 16
2014 14
2009 08
2004 15
1999 09
1998 12
1996 36
1991 25
1989 15
1984 17
1980 20
1977 04
1971 05
1967 05
1962 07
1957 02
1952 05
नोट : आंकड़े चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार।