Bareilly: 15 मार्च को मौलाना तौकीर रजा का दिल्ली कूच, सरकार पर लगाया मुसलमानों की अनदेखी करने का आरोप
तौकीर रजा ने कहा कि कथित हिंदू धार्मिक संगठनों और राजनीतिक दवाब में मुख्य आरोपियों को बचाया जा रहा है। एक मुहिम चला कर दस लाख से ज्यादा मुस्लिम बच्चियों को बहला फुसलाकर कर हिंदू बनाकर हिंदू लड़को से शादी कराई जा चुकी है।
विस्तार
इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने कहा कि मस्जिदों और बहन-बेटियों की हिफाजत के लिए मुसलमान खुद आगे आएं। मुसलमान संवैधानिक तरीके से अपना विरोध प्रकट करें। उन्होंने सरकार पर मुसलमानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए 15 मार्च से बरेली के झुमका चौराहे से दिल्ली तक पैदल मार्च का एलान किया।
बुधवार को अपने निवास पर मीडिया से बात करते हुए मौलाना तौकीर ने कहा कि देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत का माहौल बना दिया गया है। कथित हिंदू धार्मिक संगठनों की ओर से फर्जी इल्जाम लगाकर नौजवान बच्चों के साथ मारपीट की जा रही है। उनकी हत्या तक की जा रही है। हरियाणा में दो हत्याओं के बाद कथित हिंदू धार्मिक संगठन आरोपियों के समर्थन में हैं। ऐसे संगठनों को राजनैतिक दबाव के चलते बचाया जा रहा है।
राष्ट्रपति को सौंपेंगे ज्ञापन
आईएमसी मुखिया ने कहा कि दस लाख से ज्यादा मुस्लिम बच्चियों को बहला-फुसला कर हिंदू बनाया गया और हिंदू लड़कों से शादी कराई जा चुकी है। अब जब हिंदू लड़कियां अपनी मर्जी से मुस्लिम युवकों से शादी करती हैं तो लव जिहाद का नाम देकर मुस्लिम नौजवानों को जेलों में ठूंसा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 21 मार्च को दिल्ली पहुंचकर वह राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान डॉ. नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीसी, मौलाना एसानुल हक चतुर्वेदी, नदीम कुरैशी, अफजाल बेग मौजूद रहे।
राष्ट्रगान में संशोधन की मांग को दोहराया
मौलाना तौकीर रजा खां ने राष्ट्रगान में संशोधन की मांग को फिर दोहराया है। उन्होंने राष्ट्रगान में जिन प्रदेशों के नाम नहीं हैं, उन्हें शामिल करने की मांग की है।