मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बोले: वक्फ संशोधन बिल का समर्थन, सनातन बोर्ड भी बने, नफरत फैलाने पर हो कार्रवाई
Bareilly News: ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने एक बार फिर वक्फ संशोधन बिल को लेकर बयान दिया है। कहा कि वह इस बिल का समर्थन करते हैं। वक्फ की तर्ज पर सरकार को सनातन बोर्ड का गठन भी करना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मथुरा के धर्मगुरू के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वक्फ संशोधन बिल का हम समर्थन करते हैं। हमारे बुजुर्गों ने जो जमीनें वक्फ को दी थीं, उनका मकसद गरीब और कमजोर मुसलमानों की मदद करना था। मगर मौजूदा समय में वक्फ बोर्ड के लोगों ने जमीन व जायदाद को खरीदना और बेचना शुरू कर दिया। उससे होने वाली आमदनी गरीब मुसलमानों के कल्याण की बजाय अपनी जाति पर खर्च करने लगे। इसलिए केंद्र सरकार को वक्फ संशोधन बिल लाना पड़ा ताकि वक्फ संपत्तियों का रखरखाव किया जा सके। खरीदने व बेचने पर पाबंदी लगाई जा सके।
सनातन बोर्ड बनाने का किया समर्थन
मौलाना ने कहा कि अगर सनातन धर्म के लोग भी वक्फ बोर्ड की तरह अपना अलग 'सनातन बोर्ड' बनाना चाहते हैं तो इस पर मुसलमानों को कोई आपत्ति नहीं है। इससे मंदिरों, मठों, धर्मशालाओं की जमीन-जायदाद का रखरखाव किया जा सकता है। फिर सनातन बोर्ड के माध्यम से बहुसंख्यक तबके के गरीब व कमजोर लोगों की मदद की जा सकती है। मौलाना ने केंद्र व राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि सनातन बोर्ड का गठन बिल्कुल वक्फ बोर्ड की तर्ज पर जल्द से जल्द कर दिया जाए।
नफरत फैलाने वालों पर हो कार्रवाई: मौलाना
मौलाना ने आगे कहा कि गत वर्षों हरिद्वार की तरह अगर देश के किसी हिस्से में धर्म संसद बुलाई गई और उसमें मुसलमानों के खिलाफ गलत भाषणबाजी हुई तो मुसलमान जरूर जवाब देगा। सरकार को चाहिए कि जो लोग या संगठन अमन व शांति को भंग करना चाहते हैं और अच्छे माहौल को खराब करके नफरत फैलाना चाहते हैं, उन पर करवाई की जाए ताकि अमन व शांति कायम रहे।