विधान परिषद चुनाव: बरेली में 23 अक्तूबर को होगा मतदान, एसएसपी का पुलिसकर्मियों को संदेश, सतर्कता बरतें
बरेली में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज की हैं। बुधवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने निर्वाचन ड्यूटी में लगे अधिकारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों, निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
विस्तार
बरेली में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 अक्तूबर को प्रस्तावित मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय में निर्वाचन ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
एसएसपी ने क्षेत्राधिकारियों, निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा गया। इस दौरान एसपी सिटी, एसपी उत्तरी, एसपी दक्षिणी, एसपी यातायात समेत अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया मतदान रवानगी स्थल का निरीक्षण
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने संजय गांधी कम्युनिटी हॉल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां से बरेली जनपद के मतदान कार्मिकों की रवानगी होगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान दलों के प्रस्थान के लिए बनाई जाने वाली डिस्पैच टेबल, मतदान सामग्री प्राप्त करने के लिए रिसीविंग टेबल और स्ट्रांग रूम की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही निर्वाचन से जुड़ी अन्य तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके तहसीलदार सदर, तहसीलदार मीरगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।