Bareilly News: ससुरालियों से परेशान विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ खाया, पति समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली के इज्जतनगर में रहने वाली विवाहिता के पिता का आरोप है कि ससुरालवाले दहेज की मांग को लेकर बेटी का उत्पीड़न कर रहे थे। इससे परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने ससुरालवालों से परेशान होकर विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे रिश्तेदारों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर याकूबपुर निवासी सौदान सिंह का कहना है कि उन्होंने 17 फरवरी 2018 को अपनी बेटी पूजा (26) की शादी शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला खजुरिया जुल्फिकार निवासी विपिन कुमार के साथ की थी। विपिन कुमार के साथ घर में उसके चाचा नरेश कुमार, मां कुसुमा, बहन रेनू और बहनोई कपिल कुमार भी रहते हैं।
आरोप है कि वह शादी के बाद से लगातार दहेज मांग रहे हैं। वह इसको लेकर पूजा का उत्पीड़न भी कर रहे थे और उसके साथ मारपीट भी करते थे, जिससे पूजा काफी परेशान थी। हालांकि वह कई बार उसको समझा चुके थे लेकिन उसके ससुराल वालों का उत्पीड़न लगातार बढ़ता जा रहा था।
मौसी ने अस्पताल में भर्ती कराया
इससे परेशान होकर पूजा ने 27 सितंबर को सुबह आठ बजे विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसकी जानकारी नजदीक में रह रही उसकी मौसी नीरज पत्नी हरिओम को हुई तो वह अपने बड़े बेटे को लेकर वहां पहुंच गई और तुरंत पूजा को शहर के एक निजी अस्पताल ले गईं, जहां उसे भर्ती करा दिया गया।
बाद में इसकी सूचना पर सौदान सिंह पहुंच गए। उन्होंने इज्जतनगर थाने में विपिन कुमार, नरेश कुमार, कुसुमा, रेनू और कपिल के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।