बरेली बवाल: मौलाना तौकीर के करीबी डॉ. नफीस की मार्केट सील, पुलिस के हाथ काटने की दी थी धमकी
बरेली बवाल के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी करने के साथ जिला और पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने मौलाना तौकीर रजा के करीबी डॉ. नफीस की मार्केट को सील कर दिया है। इस मार्केट में तौकीर रजा की पार्टी आईएमसी का दफ्तर भी है। उस पर भी ताला लगा दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में बवाल कराने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबी और बवाल के आरोपी आईएमसी के पूर्व प्रवक्ता डॉ. नफीस की नावल्टी स्थित मार्केट को नगर निगम ने सोमवार को सील कर दिया। इसी मार्केट में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) का दफ्तर भी संचालित किया जा रहा था। अब इसके साथ ही मार्केट की 74 दुकानों पर भी ताला पड़ गया है। आरोप है कि नाले पर कब्जा कर यह मार्केट बनाई गई है।
मार्केट के दूसरे तल पर स्थित आईएमसी कार्यालय में बैठकर डॉ. नफीस जिले में होने वाले संगठन के सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करता था। इस कार्यालय में मौलाना तौकीर का दो-तीन बार ही आना-जाना हुआ है। यहां बैठकर डॉ. नफीस ही संगठन की पूरी रणनीति को अंजाम देता था। नफीस का करीबी पार्षद अनीस सकलैनी मार्केट में पंचायत लगाकर बैठता था। नफीस ने बवाल से पहले पुलिस के हाथ काटने और वर्दी उतरवाने की धमकी दी थी।
दुकानदारों ने हटाया सामान
जानकारी के मुताबिक सीलिंग की रणनीति पहले ही तय हो गई थी। शनिवार शाम को ही नगर निगम की टीम ने मार्केट की पैमाइश कर ली थी। रविवार को अवकाश की वजह से कार्रवाई नहीं हो सकी। सोमवार को टीम मौके पर पहुंची और दुकानदारों को सामान निकालने के लिए कहा। जैसे-जैसे दुकानें खाली होती गईं, एक-एक कर उनको सील किया गया, फिर पूरी मार्केट पर बाहर से भी सील लगा दी। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
हाथ पैर काटने की धमकी दी थी धमकी
डॉ. नफीस ने आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर उतारने पर किला इंस्पेक्टर को हाथ पैर काटने और वर्दी उतारने की धमकी दी थी। उसका वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडियो में वह कहा रहा है कि मैंने किला इंस्पेक्टर से साफ कह दिया कि बैनर पर हाथ लगाया तो हाथ काट लूंगा। वर्दियां नहीं बचेगी। इस वीडियो के वायरल होने पर किला थाने में नफीस के खिलाफ रिपोर्ट लिखी है।
खुद को नफीस और उसका बेटा बताता है दरगाह का सज्जादानशीन
नगर निगम की टीम पहुंचने के बाद जब दुकानदारों ने सामान बाहर निकाला तो उन्होंने बताया कि आरोपी डॉ. नफीस और उसका बेटा फरहान पहलवान साहब की दरगाह का खुद को सज्जादानशीन बताते हैं। मार्केट में बनी दुकानों से हर माह मोटी रकम वसूली जाती है। वहीं दुकानदारों ने वहां मौजूद अधिकारियों से भी कहा कि उनको वहां वैकल्पिक स्थान भी दिया जाए, जिससे उनकी रोजी रोटी चल सके। वहीं वहां मौजूद अफसरों ने जिला प्रशासन से इस मामले में बात करने का आश्वासन दिया।
आरोपी और इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड आईएमसी का पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खां की मार्केट पर कार्रवाई की जाएगी। यह मार्केट नौमहला मस्जिद से सटकर वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर बनाई गई है। नगर आयुक्त के मुताबिक वह मार्केट भी उनके टारगेट पर हैं, उस मार्केट की नपाई भी उन्होंने कराई है। वक्फ की संपत्ति को छोड़कर कुछ हिस्सा सड़क की तरफ को आ रहा है, इसको लेकर लेकर नगर निगम की टीम जल्द कार्रवाई करेगी।
ट्रिब्यूनल में चल रहा है मामला, फिलहाल अभी सील की हुई कार्रवाई
नगर निगम के मुताबिक मार्केट नाले पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है। मार्केट में दुकाने होने की वजह से नगर निगम इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा था, इसके अलावा मार्केट और नगर निगम के बीच केस भी ट्रिब्यूनल में चल रहा है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई वहां के निस्तारण के बाद होगी। अगर इस दौरान व्यापारियों का कोई स्टे होगा तो उसे भी देखा जाएगा।