Bareilly News: बवाल के बाद इमरजेंसी में पहुंचे सूजन और दर्द के सौ से ज्यादा मरीज, चोट कहां लगी पता नहीं
बरेली में शुक्रवार को प्रदर्शन के बाद हुए बवाल में कई पुलिसकर्मी घायल हुए तो लाठीचार्ज में कई उपद्रवियों को भी चोट आई हैं। हालांकि कोई घायल उपद्रवी सामने नहीं आया, लेकिन उपचार कराने के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचते। चिकित्सकों के मुताबिक इमरजेंसी में सूजन और दर्द के 100 से अधिक मरीज पहुंचे थे।
विस्तार
बरेली में बवाल के बाद जिला अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक इलाज के लिए मरीजों की कतार लगी रही। ज्यादातर पीठ दर्द, हाथ-पांव में सूजन, जोड़ों में तेज दर्द समेत हल्के फ्रैक्चर से पीड़ित रहे। तीन पुलिसकर्मियों का भी मेडिकल परीक्षण हुआ।
इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. वैभव शुक्ला के मुताबिक इमरजेंसी में ज्यादातर गंभीर मरीज ही पहुंचते हैं। चोट लगने या अन्य किसी वजह से दर्द होने पर लोग ओपीडी में इलाज कराते हैं। ओपीडी दोपहर दो बजे तक बंद हो जाती है। इसलिए शाम से सुबह नौ बजे तक इलाज के लिए लोग इमरजेंसी में पहुंचे। वर्षों बाद यहां कतार देखने को मिली। ज्यादातर ने शरीर में चोट लगने से दर्द की शिकायत की।
यह भी पढ़ें- Bareilly Violence: मौलाना तौकीर रजा बवाल का मुख्य साजिशकर्ता, डीआईजी बोले- लोगों को मैसेज भेज भड़काया गया
सामान्य दिनों में शाम से सुबह तक रोजाना करीब 30 मरीज ही पहुंचते हैं, लेकिन शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक करीब 75 लोग पहुंचे। दिन में करीब 25-30 मरीज पहुंचे। इनमें से करीब 90 फीसदी मरीज दवा लेकर लौट गए। जो गंभीर थे, उन्हें भर्ती किया। आराम मिलने पर शनिवार को वह भी घर चले गए। इनमें भी लामा (बिना बताए जाने वाले मरीज) होने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा रही। शुक्रवार को तीन पुलिसकर्मी भी मेडिकल परीक्षण कराने आए थे। उन्होंने बवाल में चोटिल होना वजह बताया।
आशंका : पहचान छिपाकर इलाज के लिए पहुंचते रहे चोटिल
शुक्रवार अपराह्न तीन बजे शहर में हुए लाठीचार्ज की जानकारी अस्पताल स्टाफ को भी थी। इमरजेंसी में दर्द से कराहते पहुंचे मरीजों से डॉक्टर और स्टाफ ने वजह पूछी। लाठीचार्ज का जिक्र भी किया, पर सभी इन्कार करते रहे। स्टाफ को अंदेशा है कि बवाल के बाद पुलिस उसमें शामिल लोगों को खोज रही थी। लिहाजा, पहचान छिपाकर लोग इलाज कराने पहुंचते रहे। मरीजों के नाम और पते भी गलत दर्ज होने की आशंका जताई है।
