राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता: बालक वर्ग में मणिपुर, बालिका में पश्चिम बंगाल की टीम बनी विजेता
बरेली के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बालिका वर्ग में पश्चिम बंगाल की टीम विजेता बनी। वहीं बालक वर्ग में मणिपुर की टीम ने उत्तराखंड को हराकर खिताब अपने नाम किया।
विस्तार
बरेली में 69वीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में शनिवार को मणिपुर की टीम ने उत्तराखंड को 3-1 से मात दी। बालिका वर्ग में गत विजेता पश्चिम बंगाल ने राजस्थान को 3-0 से पराजित कर एक बार फिर खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग में यूपी की टीम को तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। पुरस्कार वितरण के साथ ही प्रतियोगिता का समापन हो गया।
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर 11 नवंबर से चल रही अंडर-17 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मणिपुर ने सीबीएसई को 3-0 और दूसरे में उत्तराखंड ने उत्तर प्रदेश को 3-2 से हराया।
यूपी की टीम ने सीबीएसई को हराया
फाइनल मुकाबले के पहले सेट में मणिपुर ने 25-15 से जीत हासिल की। दूसरे सेट में उत्तराखंड ने वापसी करते हुए 25-20 से जीत दर्ज की। इसके बाद मणिपुर ने अगले दो सेट 25-23 और 25-19 के अंतर से जीतते हुए विजेता का खिताब नाम किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने सीबीएसई को 3-0 से हराया।
कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में केरल ने हिमाचल को 25-22, 25-15, 25-5 के अंतर से हराया। पहले सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल ने केरल को 3-0 से और दूसरे में राजस्थान ने हिमाचल प्रदेश को 3-1 से हराया।
विजेता टीमों को किया गया पुरस्कृत
शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव, संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार, डीआईओएसडॉ. अजीत कुमार, ओम प्रकाश राय आदि ने विजेता टीमों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया। आयुक्त बरेली मंडल भूपेन्द्र एस चौधरी, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, प्रतिनिधि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पटेल, ब्लॉक प्रमुख भोजीपुरा योगेश पटेल, भुजेंद्र गंगवार, जगदीश सिंह पाटनी, गुरु नारायण मेहरोत्रा आदि उपस्थित रहे।
कप्तान की चोट ने बिगाड़ी यूपी की लय
पिछले वर्ष उपविजेता रही यूपी की टीम को इस बार तीसरे स्थान पर रहकर ही संतोष करना पड़ा। उत्तराखंड से हुए सेमीफाइनल में यूपी के कप्तान अबुजर चोटिल हो गए। चोट गंभीर होने की वजह से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। कप्तान के बाहर होने से टीम को झटका लगा। खिलाड़ियों ने कोशिश की मगर टीम लय नहीं पकड़ पाई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भी सम्मानित
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में बेस्ट लिबरो गुजरात के राघव मलिक, बेस्ट मिडल ब्लॉकर उत्तर प्रदेश के मो. अनस, बेस्ट अपोजिट हिटर उत्तराखंड के हर्ष, बेस्ट हिटर मणिपुर के सोंरो खाईबान, बेस्ट आउटसाइड स्पाइकर मणिपुर के वंश मयूम और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर उत्तराखंड के रफीक रहे।
बालिका वर्ग में बेस्ट लिबरो आदित्या खेरा, मिडल ब्लॉकर पश्चिम बंगाल की सन्नंया, बेस्ट अपोजिट हिटर राजस्थान की इसाना, बेस्ट हिटर पश्चिम बंगाल की पलामी, बेस्ट आउटसाइड स्पाइकर हिमाचल प्रदेश की शानू, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर पश्चिम बंगाल की नीतू रहीं।
संबंधित वीडियो