Mobile Phone Blast: काफी देर से रील्स देख रहा था युवक, तेज धमाके के साथ फटा मोबाइल, हुआ ये हाल
अगर आप लगातार काफी देर तक स्मार्टफोन पर रील्स देखते हैं तो सावधान हो जाएं। फोन गर्म होकर फट सकता है। शाहजहांपुर के खुटार में ऐसी ही घटना हुई है। रील्स देखते समय युवक का स्मार्टफोन फट गया, जिससे वह घायल हो गया।
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार में सोशल मीडिया पर रील्स देखते समय अचानक स्मार्ट फोन फट गया। हादसे में एक युवक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि ज्यादा वक्त तक रील्स देखने से मोबाइल फोन काफी गर्म हो गया था। गनीमत रही कि मोबाइल फोन बात करते समय नहीं फटा, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मोहल्ला सरोजनी नगर निवासी पप्पू गौतम ने बताया कि शनिवार शाम वह अपने घर पर ही मोबाइल फोन से सोशल मीडिया पर पोस्ट और रील्स देख रहे थे। अचानक उन्हें मोबाइल फोन तेजी से गर्म होने का एहसास हुआ तो उन्होंने फोन बंद करके रख दिया। इस बीच फोन से धुआं निकलने लगा और धमाके के साथ फट गया।
फोन फटने से वह मामूली रूप से घायल हो गए। आवाज सुनकर परिजन भी मौके पर आ गए। इसके बाद उन्होंने जले फोन को उठाकर पानी में डाल दिया। मोबाइल फटने से घर के लोग काफी देर तक दहशत में रहे। पप्पू ने बताया कि उन्होंने मोबाइल फोन को चार्जिंग पर भी नहीं लगाया हुआ था, फिर भी फट गया।
हमेशा ब्रांडेड बैटरी ही डलवाएं
मोबाइल फोन विशेषज्ञ मोईन खान ने बताया कि बैटरी और चार्जिंग पार्ट्स खराब होने पर लोग सस्ते के चक्कर में लोकल डलवा लेते हैं, जो मोबाइल फटने का कारण बन सकते हैं। हमेशा कंपनी की बैटरी और पार्ट्स डलवाने चाहिए।
ज्यादा गर्म स्थान पर मोबाइल चार्ज करना, बैटरी डाउन न होने के बाद भी बार-बार चार्जिंग पर लगाना भी फोन फटने का कारण हो सकता है। मोबाइल चार्ज होते समय बात न करें और न ही चलाएं। गर्मी में मोबाइल कवर उतार दें और मोबाइल गर्म हो रहा हो तो मैकेनिक को दिखाएं। सावधानी बरतने से मोबाइल को फटने से बचाया जा सकता है।