Bareilly News: दूसरे समुदाय का युवक ले गया होमगार्ड की बेटी, हिंदूवादी संगठनों ने भोजीपुरा थाने का किया घेराव
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा 13 जुलाई से लापता है। उसके पिता ने दूसरे समुदाय के युवक पर अगवा करने का आरोप लगाया। उनकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन आरोपी अज्ञात दिखाया।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा में होमगार्ड की बेटी को अगवा कर ले गए दूसरे समुदाय के युवक पर थाना पुलिस इस कदर मेहरबान रही कि उसकी तलाश के प्रयास ही नहीं किए। इससे पहले नामजद आरोपियों के नाम हटाकर अज्ञात में रिपोर्ट लिख ली। दरोगा के खिलाफ गुस्सा फूटा तो हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को थाना घेर लिया। एसपी उत्तरी ने उन्हें समझाया। तलाश के लिए टीम गठित कर दरोगा की भूमिका पर जांच बैठा दी गई है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में बीएससी की छात्रा 13 जुलाई को कोचिंग जा रही थी। तभी गांव निवासी दूसरे समुदाय का युवक उसे अगवा कर ले गया। छात्रा के पिता होमगार्ड हैं। वह तीन दिन भटके तो कहीं पुलिस ने 16 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज की। इसमें भी खेल कर दिया। नामजदों की बजाय आरोपी अज्ञात लिख दिए।
बृहस्पतिवार रात जब एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा भोजीपुरा पहुंचे तो छात्रा के परिजनों के साथ हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर लिया। दरोगा पर दूसरे पक्ष से आर्थिक सांठगांठ का आरोप भी लगाया। एसपी उत्तरी ने इन लोगों को समझाकर वापस भेजा। साथ ही, दरोगा रिंकू कुमार की भूमिका की जांच कराने का आश्वासन भी दिया।
24 घंटे में बेटी के नहीं मिलने पर दी जान देने की चेतावनी
एसपी उत्तरी से अपनी बात कहते-कहते छात्रा की मां बेहोश हो गईं। उन्हें होश में लाया गया तो एसपी से कहा कि 24 घंटे में बेटी न मिली तो वह अपनी जान दे देंगी।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि छात्रा बालिग बताई जा रही है। पुलिस उसे और आरोपी को तलाश करने के लिए प्रयास कर रही है। दरोगा रिंकू कुमार की भूमिका की जांच सीओ को दी गई है।