Bareilly News: दो बाइक भिड़ीं... ससुराल में होली खेलने जा रहे युवक की मौत, दो अन्य गंभीर घायल
पीलीभीत के थाना जहानाबाद के गांव गौंछ निवासी युवक की हादसे में मौत हो गई। वह शुक्रवार को बाइक से ससुराल जा रहा था। रिठौरा में उसकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हुए हैं।
विस्तार
बरेली के रिठौरा में मैस्कॉट कॉलेज के निकट शुक्रवार को सड़क हादसा हो गया। ससुराल में होली खेलने जा रहे युवक की बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। रिठौरा चौकी पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक पीलीभीत के थाना जहानाबाद के गांव गौंछ निवासी राजू कश्यप का बेटा नरेंद्र (26) राजमिस्त्री का काम करता था। होली के दिन शुक्रवार को अपनी ससुराल कुम्हरा थाना इज्जतनगर (बरेली) में रंग खेलने बाइक से जा रहा था।
यह भी पढ़ें- बड़ी खबरें: बरेली में होली पर भाई का कत्ल, शाहजहांपुर में दंपती की मौत; पीलीभीत में छह टुकड़ों में मिला शव
रिठौरा में मैस्कॉट कॉलेज के निकट कस्बे के मोहल्ला काहरान निवासी पिंटू कश्यप अपने दोस्त अर्जुन के साथ पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। अचानक दोनों बाइकें आमने-सामने से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जोर का धमाका हुआ और नरेंद्र उछलकर रोड पर गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिंटू और उसका साथी अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए। रिठौरा चौकी पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां पिंटू की हालत नाज़ुक बनी हुई है।
होली पर परिवार में मचा कोहराम
उधर, जैसे ही घटना की खबर मिली तो मृतक की मां कांती देवी एवं पत्नी शारदा बेहोश हो गईं। होली पर परिवार में कोहराम मच गया। पिता राजू ने बताया कि उनकी पांच संतानों में चार बेटे एक बेटी है। मृतक तीसरे नंबर का बेटा था। हमने बेटे से त्योहार में घर रहने को कहा। वह चक्की से आटा लेने चले गए। बेटा मेरे पीछे ही बाइक लेकर ससुराल निकल गया। कुछ देर में ही मनहूस ख़बर मिली।