Bareilly News: 'न मुझे सलाम करता था न अब्बू को...इसलिए किया हमला', युवक को चाकू मारने का आरोपी आफताब गिरफ्तार
बरेली में युवक पर चाकू से हमला करने के आरोपी आफताब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आफताब हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान का बेटा है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दुआ सलाम न करने पर उसने युवक पर हमला किया था।
विस्तार
बरेली के बारादरी इलाके में चाकूबाजी करके फंसा हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान का बेटा आफताब पुलिस के हत्थे चढ़ गया। थाना पुलिस ने आफताब के साथ ही उसके दोस्त सोहिल और अचल सैनी को भी गिरफ्तार कर लिया। आफताब के पास से चाकू बरामद किया। आर्म्स एक्ट में कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। सोहिल और अचल को दो लाख रुपये के मुचलके पर छोड़ दिया गया।
फतेहगंज पूर्वी इलाके का हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान बारादरी क्षेत्र के पशुपति विहार में मकान बनाकर रहता है। वह खुद को बसपा नेता बताकर प्रचारित करता है। तौफीक का बेटा आफताब भी पिता की तरह टशन दिखाने के लिए अपनी मंडली साथ रखता है। तीन दिन पहले कासिम जब मोहल्ले से जा रहा था तो आफताब की टोली ने उसे रोककर कहा कि तुम हमें और हमारे अब्बू को सलाम क्यों नहीं करते?
इस पर कासिम ने कहा कि मैं आपको जानता ही नहीं हूं। कासिम को अपना परिचय देने के लिए आफताब ने साथियों संग मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया था। कासिम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसने आफताब और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट कराई थी। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने यह बातें पुलिस को बताईं।
वादी कोर्ट में मुकरा तो अड़ी पुलिस, सीसी फुटेज दिखाई
जेल से कुछ दिन पहले ही छूटे तौफीक प्रधान ने अपने बेटे आफताब को बचाने के लिए पूरा जोर लगाया। जिस कासिम ने घटना के बाद थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई और तौफीक व उसके बेटे के खिलाफ बयान दिए, उससे तौफीक प्रधान ने समझौता कर लिया।
सोशल मीडिया पर तौफीक प्रधान ने समझौतानामा डाला, जिसमें कासिम की ओर से मुकदमा खत्म कराने की मांग की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं रोकी तो कासिम को ही समझौतानामे के साथ कोर्ट में पेश करा दिया गया। यहां बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय व उनकी टीम ने पुलिस का पक्ष रखा।
कोर्ट को बताया गया कि आफताब व उसके साथियों ने दिन में ही यह घटना की, जिसका सीसी फुटेज भी पुलिस के पास है। तौफीक पर कई मुकदमे हैं और उसका बेटा भी पिता की राह पर चलकर इलाके में गुंडागर्दी कर रहा है। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद आफताब को जेल भेज दिया।