धर्म छिपाकर प्रेमी ने लूटी अस्मत: शादीशुदा युवती का बनाया अश्लील वीडियो, पता चलने पर पति ने घर से निकाला
आरोपी युवक ने धर्म छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद उसका यौन शोषण किया। अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया। उससे तीन लाख रुपये ऐंठ लिए।
विस्तार
बदायूं के कादरचौक क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर धोखाधड़ी और धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। युवती शादीशुदा है। उसका कहना है कि जब इस बारे में उसके पति को पता चला तो उसने घर से निकाल दिया।
कादरचौक इलाके की युवती की शादी कासगंज जिले में हुई है। युवती के मुताबिक ससुराल के पास रहने वाले दूसरे समुदाय के युवक ने अपना धर्म छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। फिर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया।
उसे ब्लैकमेल करने लगा। उससे तीन लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद उस पर धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाने लगा। उसके पति को इसकी जानकारी हुई तो उसने घर से निकाल दिया। जब उसने मिन्नतें की तो पति ने उसकी जमीन अपने नाम करा ली।
युवती के नहीं है माता-पिता
युवती के मायके में माता-पिता नहीं है। वह बीते बुधवार को प्रेमी से रुपये मांगने गई थी। जहां प्रेमी ने उसके साथ मारपीट की। इससे वह अपने मायके चली आई। उसने शुक्रवार को कादरचौक थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी।
युवती का आरोप है कि पुलिस ने कासगंज का मामला बताकर उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित युवती ने कहा कि पहले उसे प्रेमी ने धोखा दिया, जब उसके संबंधों की जानकारी पति को हुई तो उसने घर से निकाल दिया। पुलिस भी सुनवाई नहीं कर रही।