Bareilly News: गहनों से आगे बढ़ा प्यार, करवाचौथ पर महिलाओं को तोहफे में मिली स्कूटी और कार
बरेली में करवाचौथ पर ऑटोमोबाइल सेक्टर गुलजार रहा। इस बार करवाचौथ पर महिलाओं को उनके पतियों ने गिफ्ट में कार और स्कूटर दिया। गिफ्ट पाकर महिलाओं के चेहरे खिल गए।
विस्तार
वाहन शोरूम संचालक अल्पित अग्रवाल ने बताया कि महिलाओं के लिए पांच से नौ लाख रुपये तक की कारों की बिक्री हुई है। जीएसटी कम होने के बाद कारों के दाम में गिरावट आई है। इससे ग्राहकों को फायदा हुआ है। कंपनियों की ओर से दीपावली ऑफर भी शुरू हो गए हैं। करवाचौथ पर जिले के सभी शोरूम से दो दर्जन कारों की डिलीवरी दी गई है। वहीं, मध्यम वर्गीय परिवारों में महिलाओं को उपहार स्वरूप स्कूटी मिली है।
करवाचौथ पर स्कूटी की बिक्री बढ़ी
पीलीभीत रोड स्थित शोरूम के संचालक पंकज अग्रवाल ने बताया कि इस साल करवाचौथ पर स्कूटी की बिक्री अधिक हुई है। करवाचौथ पर सभी एजेंसियों से करीब 100 स्कूटी की बिक्री होने का अनुमान है। दिल्ली में प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने वाले पीलीभीत रोड निवासी मुदित सक्सेना ने बताया कि उन्होंने करवाचौथ पर पत्नी श्वेता को उपहार स्वरूप कार दी है। पत्नी को बताए बिना ही कई माह पहले इसकी बुकिंग करा दी थी। अचानक मिले इस उपहार से पत्नी बहुत खुश हैं।
सीबीगंज के ज्ञान गौतम ने अपनी पत्नी वर्षा दिनकर को कार गिफ्ट की है। शुक्रवार को उसकी डिलीवरी परसाखेड़ा स्थित शोरूम से ली। बताया कि यह अब तक का श्रेष्ठ उपहार है। घर में कार आने से पूरा परिवार खुश है। इसी तरह साहूकारा की रिया को उनके पति में स्कूटी गिफ्ट की है।