Bareilly: सिरौली में डीएपी के लिए मारामारी, लंबी लाइन में लगने के बाद किसानों को मिल पाई खाद
सिरौली में 43 दिन बाद मंगलवार को इफको खाद बिक्री केंद्र पर डीएपी खाद को लेकर मारामारी रही। किसानों को लंबी लाइन में लगकर खाद मिल पाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के आंवला क्षेत्र में समितियों पर डीएपी भले ही भरपूर हो, लेकिन खाद के लिए किसानों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है। सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बाद भी किसानों को डीएपी मिल पा रही है। सिरौली में 43 दिन बाद मंगलवार को इफको खाद बिक्री केंद्र पर डीएपी खाद को लेकर मारामारी रही। किसानों को लंबी लाइन में लगकर खाद मिल पाई।
नवंबर के पहले सप्ताह से गेहूं की बोआई शुरू हो गई लेकिन डीएपी खाद न होने से किसान मायूस हो रहे थे। जबकि इफको खाद बिक्री केंद्र पर पिछले 12 अक्तूबर के बाद डीएपी खाद आई ही नहीं थी। जिस कारण छोटे व मध्यवर्गीय किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि 25 दिन पूर्व नगर की प्यास साधन सहकारी समिति पर दो गाड़ी आने से इलाके के किसानों को काफी राहत मिली थी।
दो दिन में पर्याप्त मात्रा आ जाएगी खाद
समिति के चेयरमैन पुनीत गुप्ता ने बताया कि दो दिन के अंदर समिति पर पर्याप्त मात्रा में खाद आ जाएगी, जिससे कोई कमी नहीं रहेगी। बता दें कि कुछ किसानों ने बिना खाद के ही गेहूं की बोआई कर दी थी। मंगलवार सुबह इफको केंद्र पर खाद आने से छोटे किसानों ने राहत की सांस ली।
नमदारगंज के किसान संजय शर्मा, सोना के विचित्र वीर, धनोरा गौरी के राकेश यादव ने बताया कि लंबी लाइन में लगने के बाद उन्हें खाद मिली। अब वे गेंहू की बोआई करेंगे। इफको खाद केंद्र प्रभारी जोगेंद्र ने बताया कि अब खाद की कोई दिक्कत नहीं होगी। बुधवार को डीएपी खाद और आने की संभावना है, जिससे किसानों को गेहूं की बोआई में कोई परेशानी नहीं होगी।